Saturday, June 13, 2026

बोकारो में शराब पीकर अड्डेबाजी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है.

Share

बोकारो: जिले के सेक्टर-6 थाना क्षेत्र के सेक्टर-5 हटिया मोड़ स्थित शराब दुकान के पास शराब पीकर अड्डेबाजी करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है. स्थानीय लोगों की शिकायत पर सेक्टर-6 थाना प्रभारी संगीता कुमारी के नेतृत्व में ड्रंक एंड ड्राइव अभियान चलाया गया. इस दौरान कई लोगों पर जुर्माना लगाया गया.

मामले में सेक्टर 6 थाना प्रभारी संगीता कुमारी ने बताया कि क्षेत्र में लगातार दुर्घटनाएं बढ़ रही है. लोग सार्वजनिक स्थल पर बैठकर शराब का सेवन कर रहे थे. जिसकी सूचना पुलिस को बराबर मिल रही थी. इसी के आधार पर बोकारो पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अभियान चलाया गया.

जांच के दौरान शराब दुकान के आसपास सार्वजनिक स्थल पर शराब का सेवन कर रहे कई लोगों को पकड़ा गया. पुलिस ने ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से उनकी जांच की. वहीं, पुलिस को देखते ही कई लोग अपनी गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गए. यह अभियान आगे भी चलाया जाएगा.

स्थानीय लोगों का कहना है कि सेक्टर-5 हटिया मोड़ स्थित शराब दुकान के आसपास प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग जुटते हैं और शराब पीकर अड्डेबाजी करते हैं. इससे अक्सर हुड़दंग और अव्यवस्था की स्थिति बनी रहती है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर जांच अभियान शुरू किया. पुलिस ने न केवल लोगों की जांच की बल्कि आसपास खड़े वाहनों की भी जांच शुरू कर दी.

Read more

Local News