रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शनिवार को अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ रांची के तमाड़ मे स्थित प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक दिऊड़ी मंदिर पहुंचे. यहां उन्होंने विधि-विधान के साथ मां दिऊड़ी की पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख, शांति, समृद्धि और जनता के कल्याण की कामना की. मंदिर के वरिष्ठ पुजारी मनोज पंडा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना संपन्न कराई.
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. मंदिर पहुंचने पर मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी का मंदिर समिति के सदस्यों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने स्वागत किया. इसके बाद दोनों ने मां दिऊड़ी के दरबार में मत्था टेककर विशेष पूजा-अर्चना की.
पहले भी कई बार आ चुका हूं दिऊड़ी मंदिर: हेमंत सोरेन
पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि दिऊड़ी मंदिर की महत्ता पूरे देश में है. लोग अपनी श्रद्धा और आस्था के साथ मंदिरों, मस्जिदों, गुरुद्वारों और अन्य पूजा स्थलों में पहुंचते हैं. कहीं मंदिर, कहीं गुरुद्वारा, कहीं सरना स्थल तो कहीं मस्जिद के रूप में आस्था के केंद्र स्थापित हैं. उन्होंने कहा, “मानव सभ्यता अपने आपको सुरक्षित और संस्कारित रखने के लिए ऐसे स्थलों से जुड़ी रहती है. यह केवल पूजा का स्थान नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और सांस्कृतिक मूल्यों को आगे बढ़ाने का माध्यम भी है.”

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह पहली बार दिऊड़ी मंदिर नहीं आए हैं. इससे पहले भी कई बार यहां दर्शन-पूजन कर चुके हैं और आगे भी अवसर मिलने पर आते रहेंगे.
पूजा के बाद अधिकारियों संग की चर्चा
मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री कुछ देर मंदिर परिसर में रुके और अधिकारियों से बातचीत की. इसके बाद उन्होंने मंदिर के समीप स्थित पड़ाव रेस्टोरेंट में भोजन किया.
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान रांची उपायुक्त, रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक समेत कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों ने पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की.

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला. सुरक्षा कारणों से कुछ समय के लिए आम लोगों की आवाजाही नियंत्रित की गई थी. मुख्यमंत्री के प्रस्थान के बाद स्थिति सामान्य कर दी गई.

आस्था और इतिहास का केंद्र है मां दिउड़ी मंदिर
तमाड़ स्थित मां दिउड़ी मंदिर झारखंड के प्रमुख शक्ति स्थलों में से एक माना जाता है. यहां विराजमान सोलहभुजी मां दुर्गा की प्रतिमा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आस्था का केंद्र है. यह मंदिर आदिवासी और सनातन परंपराओं के अद्भुत संगम का प्रतीक माना जाता है. राज्य ही नहीं, बल्कि देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु यहां दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं. मान्यता है कि मां दिउड़ी के दरबार में सच्चे मन से की गई प्रार्थना अवश्य फलित होती है, जिसके कारण यह मंदिर वर्षों से श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का केंद्र बना हुआ है.


