Monday, July 6, 2026

 IMD का अलर्ट; बिहार के इन 10 जिलों में होगी भयंकर बारिश

Share

बिहार के लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की संभावना है क्योंकि बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय हो रहा है। अगले 24 घंटों में पटना सहित कई भागों में मौसम बदलने के आसार हैं कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है। दस जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है और तापमान में गिरावट की संभावना है।

पटना। प्रदेश में उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिलने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार बंगाल की खाड़ी के उत्तरी भाग में निम्न दबाव का क्षेत्र तेजी से सक्रिय होकर एक स्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र में बदल रहा है।

इसके प्रभाव से मुख्य रूप से ओडिशा और झारखंड में अगले कुछ दिनों तक भारी वर्षा, गर्जना के साथ तूफानी हवा चलने की संभावना है। वहीं, अगले 24 घंटों के दौरान पटना सहित अधिसंख्य भागों में मौसम में बदलाव की संभावना है।

पटना सहित आसपास इलाकों में बादलों की आवाजाही बने होने के साथ कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा के आसार है। जबकि, 10 जिलों बेगूसराय, समस्तीपुर, खगड़िया, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, बांका एवं जमुई जिले के एक या दो स्थानों पर भारी वर्षा की चेतावनी है।

48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री की गिरावट की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के निदेशक आशीष कुमार ने बताया कि मानसून का प्रभाव प्रदेश में देखने को मिलेगा।

राजधानी समेत अन्य भागों में पुरवा के कारण उमस भरी गर्मी से बेहाल लोगों को राहत मिलने की संभावना है। प्रदेश में अगले चार से पांच दिनों के दौरान झमाझम वर्षा के आसार है।

मौसम विभाग के अनुसार इस बार दक्षिण भागों के कुछ जिलों को छोड़कर उत्तरी भागों में मानसून रूठा है। प्रदेश में अब तक सामान्य से 44 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई। प्रदेश में वर्षा की स्थिति 241.9 मिमी है जबकि वर्षा का मानक 432.2 मिमी है।

बीते 24 घंटों के दौरान दक्षिणी भागों के अधिसंख्य भागों में वर्षा दर्ज की गई। गया के डुमरिया में सर्वाधिक वर्षा 85.4 मिमी दर्ज की गई। पटना जिले के धनरूआ में 50.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। राजधानी का अधिकतम तापमान 37.0 डिग्री सेल्सियस व जबकि, 39.2 डिग्री सेल्सियस के साथ गोपालगंज में सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।

राजधानी सहित आसपास इलाकों में तीखी धूप व नमी युक्त हवा के कारण लोग दिन भर उमस भरी गर्मी से परेशान रहे। शाम में मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिला। काले बादल छाए रहने के साथ हवा की गति में वृद्धि होने से लोगों को उमस से थोड़ी राहत मिली है।

प्रमुख जिलों में वर्षा की स्थिति

  • जहानाबाद 66.2
  • औरंगाबाद (ओबरा) 52.2
  • पटना (धनरूआ) 50.4
  • रोहतास 46.8
  • गया (बाराचट्टी) 43.6
  • पटना (फतुहा) 42.4
  • पटना (दनियांवा) 35.4
  • अरवल (कुर्था) 28.4
  • औरंगाबाद (रफीगंज) 27.4
  • मोतिहारी 27.1
  • बक्सर 24.7
  • वैशाली (जनदाहा) 15.2
  • सिवान (नौतन) 14.6

      (वर्षा मिमी में )

प्रमुख शहरों का तापमान 

पटना का अधिकतम तापमान 37.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 29.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गयाजी का अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं, भागलपुर का अधिकमत तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मुजफ्फरपुर का अधिकतम तापमान 35.8 तथा न्यूनतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Read more

Local News