नई दिल्ली/रांची: भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF)-2026 में झारखंड पवेलियन राज्य की मत्स्य क्षमता और वन संपदा की झलक पेश कर रहा है। यहां मोती की खेती आगंतुकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। इसके साथ ही राज्य के पारंपरिक वन उत्पाद और उनसे तैयार वस्तुएं भी लोगों का ध्यान खींच रही हैं।
झारखंड सरकार बायोफ्लॉक, केज कल्चर, मोती पालन और झींगा-मांगुर पालन जैसी आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा दे रही है। इसका उद्देश्य मत्स्य उत्पादन को प्रोत्साहित करने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाना है।
हजारीबाग में मोती पालन का विशेष क्लस्टर
मत्स्य विशेषज्ञ बुधन सिंह पूर्ति के मुताबिक, राज्य के लगभग सभी जिलों में मोती पालन का विस्तार हो रहा है। हजारीबाग को मोती पालन के विशेष क्लस्टर के रूप में विकसित किया गया है। यहां मेटल ग्राफ्ट टिश्यू तकनीक के माध्यम से एक सीप में सात से आठ मोती विकसित किए जा सकते हैं।
महिलाओं और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल
राज्य में महिलाओं और युवाओं को मत्स्य व्यवसाय से जोड़ने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत मछली बिक्री किट और वाहनों का वितरण कर उन्हें स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की पहल की जा रही है।
महुआ, लाख और शहद जैसे वन उत्पाद भी आकर्षण
झारखंड पवेलियन में वन विभाग के स्टॉल पर महुआ, साल पत्ता, इमली, लाख, शहद, बांस और केंदू पत्ता जैसे वन उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। इनसे तैयार लाह की चूड़ियां, कंगन और महुआ के लड्डू भी मेले में आने वाले लोगों को आकर्षित कर रहे हैं।
IITF में झारखंड की ये प्रस्तुतियां राज्य की प्राकृतिक संपदा, पारंपरिक उत्पादों और ग्रामीण आजीविका की संभावनाओं को सामने रख रही हैं। साथ ही, आधुनिक तकनीकों के जरिए मत्स्य पालन और वन आधारित उत्पादों को आत्मनिर्भरता के अवसर के रूप में पेश कर रही हैं।
