गया, 7 अक्टूबर 2026: पूर्व मध्य रेल के पंडित दीनदयाल उपाध्याय (DDU) मंडल ने परिचालन के क्षेत्र में नया रिकॉर्ड बनाया है। 6 अक्टूबर को मंडल में वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान एक दिन में सबसे अधिक 445 मालगाड़ियों का इंटरचेंज दर्ज किया गया। इसी दिन माल और यात्री ट्रेनों को मिलाकर कुल 711 ट्रेनों की आवाजाही हुई।
445 मालगाड़ियों का हुआ इंटरचेंज
रेलवे के अनुसार, 6 अक्टूबर को DDU मंडल ने 220 मालगाड़ियां प्राप्त कीं, जबकि 225 मालगाड़ियों को दूसरे मंडलों के लिए रवाना किया गया। इस तरह एक दिन में कुल 445 मालगाड़ियों का इंटरचेंज हुआ।
इससे पहले 2 अगस्त को 442 मालगाड़ियों के इंटरचेंज का रिकॉर्ड बना था। अब नए आंकड़े ने उस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।
266 यात्री ट्रेनों का संचालन
मालगाड़ियों के साथ मंडल में यात्री ट्रेनों का परिचालन भी जारी रहा। 6 अक्टूबर को कुल 266 यात्री ट्रेनें चलीं। इनमें 164 मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें तथा 102 पैसेंजर श्रेणी की ट्रेनें शामिल थीं।
मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में 80 सामान्य मेल/एक्सप्रेस, 11 राजधानी, 4 वंदे भारत, 3 गरीब रथ, 52 सुपरफास्ट, 7 अमृत भारत, 3 दुरंतो और 4 जनशताब्दी ट्रेनें शामिल रहीं।
इसके अलावा पैसेंजर श्रेणी में 16 विशेष ट्रेनों का संचालन भी हुआ। इस तरह मालगाड़ियों और यात्री ट्रेनों को मिलाकर कुल 711 ट्रेनों की आवाजाही दर्ज की गई।
पितृपक्ष मेले के बीच गया जंक्शन पर भारी भीड़
पितृपक्ष मेला को देखते हुए गया जंक्शन पर यात्रियों और श्रद्धालुओं की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई है। रेलवे के अनुसार, 6 अक्टूबर को अकेले गया जंक्शन पर 80 हजार से अधिक यात्रियों का आवागमन दर्ज किया गया।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे की ओर से विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। साथ ही यात्रियों की भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं।
DRM ने टीम को दी बधाई
DDU मंडल के मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने रिकॉर्ड उपलब्धि पर अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने इस प्रदर्शन का श्रेय मंडल की पूरी टीम के बीच बेहतर तालमेल और लगातार किए गए प्रयासों को दिया।
BHARATSUPERFASTNEWS
