Friday, November 27, 2026

संत मरिया चर्च में 29 नवंबर से शुरू होगा आगमन काल, जलेगी आशा की पहली मोमबत्ती

Share

चार सप्ताह तक चलेगी क्रिसमस की आध्यात्मिक तैयारी, हर रविवार अलग प्रतीकात्मक मोमबत्ती जलाई जाएगी

रांची: पुरुलिया रोड स्थित संत मरिया महागिरजाघर में 29 नवंबर से आगमन काल (एडवेंट) की शुरुआत होगी। इस दिन आगमन काल का पहला रविवार मनाया जाएगा। इसके साथ ही चर्च के पूजन पद्धति वर्ष का नया चक्र भी आरंभ होगा। चार सप्ताह तक चलने वाले इस काल में ईसाई समुदाय प्रभु यीशु मसीह के जन्मोत्सव क्रिसमस की आध्यात्मिक तैयारी करेगा।

इस अवसर पर चर्च में पांच मोमबत्तियों से सजा आगमन चक्र तैयार किया जाएगा। इसमें तीन बैंगनी, एक गुलाबी और एक सफेद मोमबत्ती होगी। चार रविवारों में क्रमशः चार मोमबत्तियां जलाई जाएंगी। क्रिसमस की पूर्व संध्या पर बीच में रखी सफेद मोमबत्ती, जिसे क्राइस्ट कैंडल कहा जाता है, प्रज्वलित की जाएगी। यह प्रभु यीशु और उनके माध्यम से संसार में आए प्रकाश का प्रतीक है।

चार रविवार, चार विशेष संदेश

आगमन काल के पहले रविवार को आशा का रविवार कहा जाता है। इस दिन बैंगनी मोमबत्ती जलाई जाएगी। दूसरा रविवार शांति का संदेश देता है। तीसरे रविवार को गुलाबी मोमबत्ती प्रज्वलित की जाती है। इसे आनंद का रविवार भी कहा जाता है, जो क्रिसमस के नजदीक आने की खुशी का प्रतीक है।

चौथा रविवार प्रेम को समर्पित होता है। इस दिन दूसरी बैंगनी मोमबत्ती जलाई जाएगी। इस तरह आगमन चक्र की मोमबत्तियां आशा, शांति, आनंद और प्रेम के संदेश को दर्शाती हैं।

पहले रविवार को चार विशेष मिस्सा

आगमन काल के पहले रविवार पर संत मरिया महागिरजाघर में विशेष मिस्सा का आयोजन होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पहली मिस्सा सुबह 5 बजे, दूसरी 6:30 बजे और तीसरी सुबह 8 बजे होगी। शाम 5 बजे चौथी मिस्सा आयोजित की जाएगी।

मिस्सा से पहले फादर देवनिश खेस आगमन काल की पहली मोमबत्ती जलाएंगे। इस दौरान वे एडवेंट के महत्व और प्रभु यीशु के स्वागत की आध्यात्मिक तैयारी का संदेश देंगे।

हृदय में प्रभु के स्वागत की तैयारी जरूरी

संत मरिया महागिरजाघर के पुरोहित अनिल कुजूर ने कहा कि आगमन काल केवल बाहरी सजावट या त्योहार की तैयारियों का समय नहीं है। यह आत्मिक चिंतन और अपने भीतर बदलाव लाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि इस अवधि का संदेश अपने हृदय के द्वार प्रभु यीशु के स्वागत के लिए खोलना है।

Read more

Local News