Friday, November 27, 2026

शनिवार से रांची में सजेगा वन फिल्म महोत्सव, सीएम हेमंत सोरेन करेंगे उद्घाटन

Share

तीन दिनों तक पर्यावरण, जंगल और वन्यजीवों पर आधारित फिल्मों की होगी स्क्रीनिंग; 775 प्रविष्टियों में से चुनी गईं 75 फिल्में

रांची: झारखंड की राजधानी में 28 से 30 नवंबर तक तीन दिवसीय वन फिल्म महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। राज्य के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शनिवार को खेलगांव में करेंगे। यह आयोजन राज्य स्थापना दिवस और सरकार के गठन के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में होने वाले मुख्य समारोह के दौरान होगा।

प्रधान मुख्य वन संरक्षक (पीसीसीएफ) संजीव कुमार ने शुक्रवार को वन भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर महोत्सव की तैयारियों और कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फिल्म फेस्टिवल में जंगल, वन्यजीव, जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी कहानियों को सिनेमा के माध्यम से दर्शकों तक पहुंचाया जाएगा।

775 फिल्मों में से 75 का चयन

संजीव कुमार के मुताबिक, महोत्सव के लिए देश-विदेश से बिना किसी शुल्क के फिल्म प्रविष्टियां आमंत्रित की गई थीं। आयोजकों को कुल 775 फिल्में प्राप्त हुईं, जिनमें से चयन प्रक्रिया के बाद 75 फिल्मों को प्रदर्शन के लिए चुना गया है।

इन फिल्मों को दो श्रेणियों में रखा गया है। प्रतिस्पर्धी श्रेणी में शामिल फिल्मों के बीच मुकाबला होगा और चयनित विजेताओं को पुरस्कार दिए जाएंगे। वहीं, गैर-प्रतिस्पर्धी श्रेणी में करीब 10 देशों की अंतरराष्ट्रीय फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा।

दो स्थानों पर होगी स्क्रीनिंग

तीन दिवसीय महोत्सव के दौरान फिल्मों का प्रदर्शन रांची के शौर्य सभागार और वन भवन स्थित पलाश ऑडिटोरियम में किया जाएगा। आयोजन में हिस्सा लेने के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से करीब 48 फिल्मकार रांची पहुंच रहे हैं। फिल्म प्रदर्शन के साथ विशेषज्ञों के संवाद और प्रशिक्षण से जुड़े सत्र भी आयोजित होंगे।

राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्मकार भी होंगे शामिल

महोत्सव में राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित कई फिल्मकार शिरकत करेंगे। झारखंड के फिल्मकार मेघनाथ भट्टाचार्य की सोहराय संस्कृति पर आधारित फिल्म प्रदर्शित की जाएगी। इसके अलावा निर्देशक बीजू टोप्पो की चर्चित फिल्म ‘झरिया’ भी दर्शकों को देखने का अवसर मिलेगा।

मुंबई के फिल्ममेकर ओनिर, कोलकाता के धीमान दास गुप्ता और लखनऊ के ओपी श्रीवास्तव सहित कई जाने-माने फिल्मकार कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। वे अपने अनुभव साझा करेंगे और स्थानीय प्रतिभाओं को फिल्म निर्माण की बारीकियों से परिचित कराएंगे।

युवाओं के लिए लाइव संवाद सत्र

आयोजकों ने युवा और नए फिल्मकारों के लिए लाइव इंटरैक्टिव सेशन भी रखे हैं। इनमें प्रतिभागियों को अनुभवी निर्देशकों से सीधे सवाल पूछने और फिल्म निर्माण से जुड़ी जानकारी हासिल करने का मौका मिलेगा। कहानी के चयन, प्रभावी स्टोरीटेलिंग और पर्यावरण से जुड़े विषयों को पर्दे पर प्रस्तुत करने जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।

सिनेमा के जरिए पर्यावरण के प्रति जागरूकता

पीसीसीएफ संजीव कुमार ने कहा कि फिल्म महोत्सव का उद्देश्य केवल फिल्मों का प्रदर्शन करना नहीं है। सिनेमा और कहानी कहने की कला के माध्यम से लोगों को प्रकृति और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाना भी इसका प्रमुख लक्ष्य है।

उन्होंने कहा कि जिस तरह बचपन में दादी-नानी की कहानियां लंबे समय तक याद रहती हैं, उसी तरह फिल्में भी गंभीर विषयों को प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचा सकती हैं। जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण संरक्षण जैसे मुद्दों पर दुनिया भर में अच्छी फिल्में बन रही हैं। झारखंड के युवाओं में भी प्रकृति से जुड़ी कहानियों को सामने लाने की क्षमता और उत्साह है।

संजीव कुमार के अनुसार, झारखंड के जंगलों, वन्यजीवों और जैव विविधता से जुड़ी कई ऐसी कहानियां हैं, जिन्हें अभी व्यापक पहचान नहीं मिली है। फिल्म महोत्सव के जरिए स्थानीय युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलेगा और पर्यावरण आधारित फिल्म निर्माण के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी मिलेगी।

Read more

Local News