Thursday, March 19, 2026

रांची पुलिस ने नामकुम ग्रिड डकैती कांड का खुलासा कर लिया है.

Share

रांची: जिले के नामकुम थाना क्षेत्र स्थित विद्युत सब स्टेशन (संचरण केन्द्रीय भंडार) के कर्मियों एवं सुरक्षा कर्मियों को बंधक बनाकर डकैती डालने वाले नौ अपराधियों को रांची पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. वारदात को 11 अपराधियों ने मिलकर अंजाम दिया था.

डीआईजी सह एसएसपी रांची चन्दन कुमार सिन्हा के द्वारा बनाई गई एसआईटी ने नामकुम ग्रिड में हुए डकैती कांड का खुलासा कर लिया है. कांड में शामिल 11 में से नौ अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है.

गिरफ्तार आरोपियों में दिनेश लोहरा उर्फ दिनेश करमाली, राजेश कुमार सिंह उर्फ भोला, शाहिद अंसारी उर्फ जटला, ललन कुमार भुईया उर्फ बौना, जितु कुमार सिंह उर्फ जिजुवा उर्फ जीतु, फुरकान मल्लिक उर्फ फुरकान, बिरेन्द्र बेदिया उर्फ घोंची, दीपक कुमार सोनी, जितेन्द्र कुमार शामिल है.

गिरफ्तार अपराधियों के निशानदेही पर कांड में प्रयोग किये गये ऑटो वाहन सं०-JH01-FS-7047, ताला काटने में प्रयोग की जाने वाली कटर मशीन, मोबाइल एवं घटना में डकैती किए गए सामान को बरामद किया गया है.

दिनेश लोहरा निकला मास्टरमाउंड

डीआईजी सह एसएसपी रांची चन्दन कुमार सिन्हा ने बताया कि डकैती गिरोह का मुखिया दिनेश लोहरा है. दिनेश लोहरा उर्फ दिनेश करमाली लातेहार का रहने वाला है. वर्तमान दिनेश डोरंडा के बड़ा घाघरा में रह रहा था. दिनेश ने अपने बयान में बताया कि उसने अपने 10 साथियों के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया था. डकैती किए हुए सामान को पुन्दाग में कबाड़ी दुकान फुरकान मल्लिक और अरगोडा के कबाड़ी दीपक कुमार सोनी को बेच दिया था.

दिनेश लोहरा के अनुसार कुल 253 किलो 750/- रुपये के हिसाब से प्रति किलोग्राम की दर से बेचा गया था, जिसमें उसे 1,73,000 रुपये मिला. जिसे हम सभी लोग आपस में बांट लिया. वहीं, कबाड़ी दीपक सोनी ने चोरी का समान पटना में बेच दिया और उसके एवज में चार लाख रुपये अपने अकाउंट में मंगवा लिया. पकड़े गए सभी अभियुक्तों के द्वारा इस घटना में अपना-अपना अपराध को स्वीकार किया गया है. डकैती की घटना में संलिप्त अपराधी एवं अन्य की गिरफ्तारी हेतु लगातार छापेमारी की जा रही है.

ओरमांझी से भी तीन गिरफ्तार

वहीं, दूसरी तरफ ओरमांझी से भी पावर ग्रिड में चोरी करने वाले तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. यह गिरोह दुर्गापुर से रांची आकर महंगे वाहनों में ग्रिड के वायर को चोरी करता था. मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है. वहीं, एक स्कॉर्पियो वाहन को भी जब्त किया है.

Read more

Local News