लातेहार: शहर में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाने और नागरिकों को कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नगर पंचायत ने स्वच्छता पखवाड़ा के तहत हाउस-टू-हाउस कनेक्ट अभियान शुरू किया है। शुक्रवार को चलाए गए इस अभियान के दौरान नगर पंचायत की टीम ने विभिन्न घरों तक पहुंचकर लोगों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की जानकारी दी।
कार्यपालक पदाधिकारी राजीव रंजन के निर्देश पर संचालित अभियान में नगर प्रबंधक राजकुमार वर्मा और नगर पंचायत के अन्य कर्मचारी शामिल हुए। टीम ने लोगों को घरों से निकलने वाले कचरे का सही तरीके से पृथक्करण करने और ठोस कचरा प्रबंधन के महत्व के बारे में बताया।
गीले और सूखे कचरे के लिए अलग डस्टबिन
नगर प्रबंधक राजकुमार वर्मा ने नागरिकों से रसोई से निकलने वाले जैविक कचरे, जैसे फल और सब्जियों के छिलकों को हरे डस्टबिन में रखने की अपील की। वहीं, कागज, प्लास्टिक, गत्ता, धातु और अन्य सूखे कचरे को नीले डस्टबिन में जमा करने की सलाह दी गई।
उन्होंने बताया कि कचरे को शुरुआत से ही अलग-अलग रखने से उसके उचित निस्तारण और प्रबंधन में मदद मिलती है।
सड़क पर कचरा नहीं फेंकने की अपील
अभियान के दौरान लोगों से कहा गया कि घरों से निकलने वाला कचरा केवल निर्धारित सफाई वाहन को ही सौंपें। उसे सड़क या सार्वजनिक स्थानों पर इधर-उधर न फेंकें। नगर पंचायत की टीम ने स्वच्छता बनाए रखने में नागरिकों की भागीदारी को जरूरी बताते हुए कचरा पृथक्करण की आदत अपनाने का आग्रह किया।
