पटना: बिहार में खरीफ विपणन मौसम 2026-27 के दौरान धान बेचने वाले किसानों को राज्य सरकार ने राहत दी है। बेगूसराय और शिवहर को छोड़कर बाकी सभी जिलों में रैयत किसानों से धान की खरीद के लिए एग्री स्टैक आईडी की अनिवार्यता समाप्त कर दी गई है। अब किसान पहले की तरह कृषि विभाग की डीबीटी निबंधन संख्या के आधार पर अपनी उपज बेच सकेंगे।
सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने गुरुवार को इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एग्री स्टैक पोर्टल पर जमीन से जुड़े विवरण पूरे नहीं होने के कारण किसानों को धान बिक्री के लिए आवेदन करने में परेशानी हो रही थी। इन दिक्कतों को ध्यान में रखते हुए पुरानी व्यवस्था जारी रखने का निर्णय लिया गया है।
भूमि संबंधी जानकारी अधूरी होने से आ रही थी दिक्कत
एग्री स्टैक आधारित खरीद व्यवस्था में किसानों की जमीन के विवरण के आधार पर धान अधिप्राप्ति का प्रावधान किया गया था। लेकिन पोर्टल पर कई किसानों की भूमि संबंधी जानकारी पूरी तरह दर्ज नहीं होने के कारण वे आवेदन नहीं कर पा रहे थे।
सरकार के नए निर्णय के बाद बेगूसराय और शिवहर को छोड़कर अन्य जिलों के किसान कृषि विभाग के डीबीटी निबंधन नंबर के जरिए धान बेच सकेंगे।
सभी जिलाधिकारियों को जारी किया गया निर्देश
सहकारिता विभाग के सचिव धर्मेन्द्र सिंह ने इस फैसले के अनुपालन के लिए सभी जिलाधिकारियों को जरूरी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। विभाग को यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि धान खरीद की प्रक्रिया में किसानों को अनावश्यक परेशानी न हो।
तकनीकी अड़चन से नहीं रुकेगी धान की बिक्री
सहकारिता मंत्री ने कहा कि पोर्टल या तकनीकी समस्या के कारण कोई भी किसान अपनी उपज बेचने से वंचित नहीं रहना चाहिए। विभाग की प्राथमिकता धान अधिप्राप्ति की प्रक्रिया को आसान और किसान हितैषी बनाना है।
सरकार का कहना है कि किसानों को अनावश्यक तकनीकी प्रक्रियाओं और दस्तावेजी औपचारिकताओं से राहत देकर धान खरीद को सुगम बनाया जाएगा।
