धनबाद: बैंक मोड़ स्थित एसएसएलएनटी सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस की अव्यवस्थाओं को लेकर धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन ने कड़ा रुख अपनाया है। गुरुवार को छात्राओं के लिए नवनिर्मित 50 बेड वाले छात्रावास का उद्घाटन करने पहुंचे डीसी ने विद्यालय परिसर में गंदगी और झाड़ियों का अंबार देखा। स्थिति से नाराज होकर उन्होंने प्राचार्य को फटकार लगाई और स्कूल के सभी शिक्षकों का वेतन तत्काल प्रभाव से रोकने का आदेश दिया।
उन्होंने चेतावनी दी कि तय समयसीमा में व्यवस्था और शिक्षकों की कार्यशैली में सुधार नहीं हुआ, तो लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों को दूरस्थ प्रखंडों में स्थानांतरित किया जा सकता है।
छात्रावास के उद्घाटन के बाद किया निरीक्षण
स्कूल में कल्याण विभाग की ओर से पिछड़ी जाति की छात्राओं के लिए 50 बेड का छात्रावास बनाया गया है। डीसी ने इसका उद्घाटन करने के बाद छात्रावास और विद्यालय परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने छात्रावास को स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान परिसर में कई जगह गंदगी मिली। आसपास झाड़ियां उगी हुई थीं और साफ-सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं थी। इसके अलावा छात्राओं के खेलने के लिए स्कूल में उचित मैदान की सुविधा नहीं होने पर भी डीसी ने नाराजगी जताई।
सुधार के लिए एक सप्ताह की मोहलत
उपायुक्त ने प्राचार्य और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया है। उन्होंने परिसर से झाड़ियों को हटाने और व्यापक सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया।
डीसी ने कहा कि निर्धारित अवधि में छात्राओं के लिए खेल मैदान विकसित किया जाए। स्कूल में स्वच्छता, सुरक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करना जरूरी है। इन व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
