पटना: बिहार में अपना छोटा खाद्य प्रसंस्करण उद्योग शुरू करने के इच्छुक लोगों को सरकार की ओर से आर्थिक सहायता दी जाएगी। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना के तहत व्यक्तिगत उद्यमियों को परियोजना लागत का 35 प्रतिशत तक अनुदान देने का प्रावधान है। हालांकि, एक व्यक्ति को अधिकतम 10 लाख रुपये ही मिल सकेंगे।
केंद्र सरकार ने इस योजना की अवधि बढ़ाकर 31 मार्च 2027 तक कर दी है। इसके तहत बिहार सरकार ने योजना के संचालन के लिए 164.51 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है।
किन उद्योगों को मिलेगा योजना का लाभ?
योजना के तहत आटा, मसाला, अचार, मुरब्बा, पापड़ और सत्तू सहित विभिन्न खाद्य उत्पादों के प्रसंस्करण से जुड़ी छोटी इकाइयां स्थापित की जा सकती हैं।
व्यक्तिगत निवेशकों और उद्यमियों को परियोजना लागत का 35 प्रतिशत अनुदान मिलेगा। इसकी अधिकतम सीमा 10 लाख रुपये निर्धारित की गई है। वहीं, समूह के स्तर पर खाद्य प्रसंस्करण उद्योग स्थापित करने के लिए भी 35 प्रतिशत पूंजीगत अनुदान का प्रावधान है।
स्थानीय उत्पादों को मिलेगा बाजार
विभाग के अनुसार, योजना का मकसद बिहार में तैयार होने वाले खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता सुधारना, उनमें मूल्य संवर्द्धन करना और छोटे उद्योगों में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाना है।
इससे स्थानीय स्तर पर उत्पादित कृषि उपज को प्रसंस्कृत कर बाजार तक पहुंचाने में मदद मिल सकती है। साथ ही, उत्पादों का मूल्य बढ़ाने के अवसर भी उपलब्ध होंगे।
जागरूकता के लिए होंगे प्रशिक्षण कार्यक्रम
योजना का लाभ अधिक से अधिक इच्छुक लोगों तक पहुंचाने के लिए सरकार प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करेगी। प्रचार-प्रसार के माध्यम से उद्यमियों और निवेशकों को आवेदन प्रक्रिया, अनुदान की शर्तों और योजना से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी।
सरकार का उद्देश्य अधिक लोगों को खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में छोटे उद्योग स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
