पटना: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने कृषि विभाग में पांच श्रेणियों के कुल 147 पदों पर नियमित नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया है। इन पदों पर वेतनमान लेवल-9 के तहत नियुक्तियां होंगी। योग्य उम्मीदवार 15 दिसंबर 2026 से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन की अंतिम तारीख 12 जनवरी 2027 तय की गई है।
पांच श्रेणियों में होगी नियुक्ति
आयोग की अधिसूचना के अनुसार, रिक्त पदों का विवरण इस प्रकार है:
- सहायक निदेशक (कृषि अभियंत्रण) – 50 पद
- सहायक निदेशक (सांख्यिकी) – 36 पद
- सहायक नियंत्रक (माप एवं तौल) – 26 पद
- सहायक निदेशक (रसायन) – 21 पद
- सहायक निदेशक (पौधा संरक्षण) – 14 पद
इस तरह कुल 147 पदों पर बहाली की जाएगी।
आवेदन की तारीख और शुल्क
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 15 दिसंबर 2026 से शुरू होगी। अभ्यर्थी 12 जनवरी 2027 तक आवेदन जमा कर सकते हैं, जबकि परीक्षा शुल्क भुगतान की अंतिम तारीख 11 जनवरी 2027 निर्धारित है।
सभी श्रेणियों के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये रखा गया है। आवेदन के दौरान आधार संख्या उपलब्ध नहीं कराने पर 200 रुपये अतिरिक्त बायोमेट्रिक शुल्क देना होगा। ऐसे अभ्यर्थियों को कुल 300 रुपये जमा करने होंगे।
पद के अनुसार शैक्षणिक योग्यता
इन पदों के लिए संबंधित विषय में स्नातक डिग्री होना जरूरी है। कृषि अभियंत्रण, सांख्यिकी, गणित, भौतिकी, अभियंत्रण, कृषि विज्ञान, रसायन और पौधा संरक्षण जैसे विषयों की डिग्री पद के अनुसार मान्य होगी।
अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले संबंधित पद के लिए निर्धारित विस्तृत शैक्षणिक योग्यता की जांच कर लेनी चाहिए।
आयु सीमा और छूट का प्रावधान
उम्र की गणना 1 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी। सभी पदों के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष निर्धारित है। अधिकतम आयु सीमा श्रेणी के अनुसार अलग-अलग है:
- अनारक्षित वर्ग के पुरुष: 37 वर्ष
- पिछड़ा एवं अत्यंत पिछड़ा वर्ग के पुरुष और महिलाएं: 40 वर्ष
- अनारक्षित वर्ग की महिलाएं: 40 वर्ष
- अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग: 42 वर्ष
संविदा पर कार्यरत कर्मियों और दिव्यांग अभ्यर्थियों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।
लिखित परीक्षा और इंटरव्यू से होगा चयन
चयन के लिए लिखित परीक्षा के बाद साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा। सामान्य हिंदी की परीक्षा 100 अंकों की होगी। यह केवल क्वालीफाइंग प्रकृति की रहेगी और इसमें कम से कम 30 अंक हासिल करना जरूरी होगा।
इसके अलावा सामान्य ज्ञान का प्रश्नपत्र 100 अंकों का होगा। संबंधित विषय के दो वस्तुनिष्ठ प्रश्नपत्र होंगे, जिनमें प्रत्येक 200 अंकों का निर्धारित है। हर प्रश्न में पांच विकल्प दिए जाएंगे। किसी भी विकल्प को नहीं चुनने पर एक-तिहाई अंक की कटौती का प्रावधान है।
संविदा अनुभव के लिए अधिकतम 25 अंक
मेधा सूची तैयार करने में लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के अंकों को शामिल किया जाएगा। साक्षात्कार 50 अंकों का होगा। लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के प्रदर्शन को कुल 75 अंकों का वेटेज दिया जाएगा।
इसके अतिरिक्त बिहार सरकार के अधीन संविदा पर काम करने के अनुभव के लिए प्रत्येक वर्ष पांच अंक मिलेंगे। इस श्रेणी में अधिकतम 25 अंकों तक की अधिमानता निर्धारित की गई है।
इच्छुक उम्मीदवार आवेदन से पहले BPSC की आधिकारिक अधिसूचना में पदवार योग्यता, परीक्षा संबंधी नियम और अन्य शर्तें ध्यान से पढ़ लें।
