पटना: पटना यूनिवर्सिटी में स्नातक और स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष में दाखिला लेने के बाद बड़ी संख्या में विद्यार्थी अब नामांकन रद्द करा रहे हैं। अब तक 700 से अधिक छात्र नामांकन रद्द करने और जमा शुल्क वापस लेने के लिए आवेदन कर चुके हैं। इनमें से ज्यादातर विद्यार्थियों ने दूसरे विश्वविद्यालयों में दाखिला मिलने को इसकी मुख्य वजह बताया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने नामांकन रद्द कराने और फीस वापसी के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 10 दिसंबर निर्धारित की है। वर्ष 2026 में स्नातक और स्नातकोत्तर के नियमित तथा स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों में नामांकन लेने वाले विद्यार्थी इस प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकते हैं।
500 रुपये काटकर वापस मिलेगी फीस
विश्वविद्यालय के डीन प्रो. कामेश्वर पंडित ने बताया कि नामांकन रद्द कराने वाले विद्यार्थियों को जमा की गई फीस वापस कर दी जाएगी। हालांकि, कुल जमा राशि में से 500 रुपये प्रोसेसिंग शुल्क के रूप में काटे जाएंगे।
विद्यार्थियों को आवेदन में नामांकन रद्द करने के साथ जमा शुल्क की वापसी का अनुरोध भी करना होगा।
आवेदन के बाद खाली सीटों का होगा आकलन
डीन के अनुसार, सभी आवेदन प्राप्त होने के बाद विश्वविद्यालय अलग-अलग विषयों में खाली हुई सीटों का आकलन करेगा। इसके बाद विषयवार रिक्त सीटों की वास्तविक संख्या स्पष्ट हो सकेगी। इससे विश्वविद्यालय को यह पता चलेगा कि नामांकन रद्द होने के कारण किन विषयों में कितनी सीटें खाली हुई हैं।
नियमित और स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों के विद्यार्थी कर सकेंगे आवेदन
विश्वविद्यालय के कुलसचिव की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, वर्ष 2026 में स्नातक और स्नातकोत्तर के नियमित एवं स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों में नामांकित विद्यार्थी शुल्क वापसी के लिए आवेदन कर सकते हैं।
इसमें नामांकन रद्द कराने, दूसरे विषय या संकाय में स्लाइड-अप होने और निर्धारित शुल्क से अधिक राशि जमा होने जैसे मामले शामिल हैं। इच्छुक विद्यार्थियों को 10 दिसंबर तक आवेदन करना होगा।
