Thursday, November 26, 2026

बिहार में जमीन सर्वे को लेकर मंत्री दिलीप जायसवाल सख्त, अफसरों को दी चेतावनी; हर महीने होगी समीक्षा

Share

पटना: बिहार में चल रहे विशेष भूमि सर्वेक्षण और बंदोबस्त कार्य को लेकर राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। सर्वे का काम निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने के लिए अधिकारियों की जवाबदेही तय की जा रही है। अब इसकी हर महीने समीक्षा होगी, जबकि राज्य मुख्यालय से प्रतिदिन प्रगति की निगरानी की जाएगी। लक्ष्य से पीछे रहने वाले जिलों के संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा जा सकता है।

हर जिले की रोजाना प्रगति रिपोर्ट पर नजर

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने विशेष भूमि सर्वेक्षण की निगरानी व्यवस्था मजबूत करने का फैसला किया है। इसके तहत सभी जिलों को प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट देनी होगी। राज्य मुख्यालय स्तर पर इन रिपोर्टों की नियमित समीक्षा की जाएगी।

सरकार अब केवल कुल सर्वेक्षण कार्य के आधार पर जिलों के प्रदर्शन का आकलन नहीं करेगी। यह भी देखा जाएगा कि हर महीने निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले कितनी प्रगति हुई है। इससे जिलों के कामकाज की वास्तविक स्थिति का पता लगाया जा सकेगा।

मंत्री दिलीप जायसवाल ने दिए सख्त निर्देश

राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि विशेष भूमि सर्वेक्षण का काम हर हाल में तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए।

मंत्री ने कहा कि प्रत्येक जिले के प्रदर्शन का आकलन उसके मासिक लक्ष्य के आधार पर किया जाना चाहिए। इससे पता चलेगा कि कौन-सा जिला निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप काम कर रहा है और कहां काम में तेजी लाने की जरूरत है।

लक्ष्य से पीछे रहने वाले अधिकारियों से मांगा जाएगा जवाब

सर्वे निदेशालय में तैनात नोडल पदाधिकारियों को उनके आवंटित जिलों की प्रतिदिन समीक्षा करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिन जिलों की प्रगति निर्धारित लक्ष्य से कम रहेगी, वहां के संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।

सरकार का उद्देश्य नियमित निगरानी और जवाबदेही के जरिए विशेष भूमि सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त कार्य को तय समय सीमा में पूरा कराना है।

Read more

Local News