Thursday, November 26, 2026

सीएम सम्राट चौधरी पर आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में युवक पर केस, पुलिस ने की पहचान

Share

गया: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उनकी महिला रिश्तेदारों को लेकर फेसबुक पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में गया पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। सोशल मीडिया पर पोस्ट सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। इस दौरान पोस्ट करने वाले युवक की पहचान चंदौती थाना क्षेत्र के हबीपुर गांव निवासी गुड्डू यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है।

फेसबुक पोस्ट सामने आने के बाद शुरू हुई जांच

जानकारी के अनुसार, फेसबुक पर एक युवक के अकाउंट से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उनकी महिला रिश्तेदारों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी। पोस्ट में अमर्यादित भाषा के साथ धमकी भरे अंदाज में भी बातें लिखी गई थीं। मामला सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए।

सिटी एसपी ने डीएसपी और थानाध्यक्ष को सौंपी जिम्मेदारी

सिटी एसपी अभिनव ने मामले की जांच की जिम्मेदारी डीएसपी रवि प्रकाश सिंह और चंदौती थानाध्यक्ष अनिल कुमार चौधरी को सौंपी। जांच के दौरान फेसबुक पोस्ट करने वाले युवक की पहचान हबीपुर गांव निवासी गुड्डू यादव के रूप में की गई।

थानाध्यक्ष के बयान पर प्राथमिकी दर्ज

चंदौती थानाध्यक्ष अनिल कुमार चौधरी के बयान पर गुड्डू यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।

सिटी एसपी अभिनव ने बताया कि मुख्यमंत्री के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी के मामले में पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है। थानाध्यक्ष ने भी युवक की पहचान और उसके खिलाफ केस दर्ज किए जाने की पुष्टि की है।

Read more

Local News