निचली अदालत के फैसले को दी है चुनौती, 16 दिसंबर को अगली सुनवाई
रांची : JPSC परीक्षा में कथित अनियमितता के मामले में जेल में बंद झारखंड के पूर्व मुख्य सचिव और JPSC के पूर्व अध्यक्ष एल ख्यांग्ते की जमानत याचिका पर गुरुवार को झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। अदालत ने CID को प्रार्थी की ओर से उठाए गए सभी बिंदुओं पर 9 दिसंबर तक जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है। वहीं, एल ख्यांग्ते को CID के जवाब पर 14 दिसंबर तक अपना प्रतिउत्तर दाखिल करना होगा। मामले की अगली सुनवाई 16 दिसंबर को निर्धारित की गई है।
एल ख्यांग्ते की ओर से वरीय अधिवक्ता अनिल कुमार और अधिवक्ता चंदना कुमारी ने पक्ष रखा।
बचाव पक्ष ने कहा- छापेमारी में नहीं मिला कोई सबूत
दरअसल, निचली अदालत ने एल ख्यांग्ते की जमानत याचिका खारिज कर दी थी। इसके बाद उन्होंने हाईकोर्ट में आदेश को चुनौती दी है। इससे पहले अपर न्यायायुक्त योगेश कुमार की अदालत में बचाव पक्ष ने दलील दी थी कि एल ख्यांग्ते के खिलाफ कोई ठोस साक्ष्य नहीं है। छापेमारी के दौरान भी उनके खिलाफ कोई सबूत नहीं मिला।
CID ने कमीशन लेने का लगाया है आरोप
वहीं, CID की ओर से अदालत को बताया गया कि टीडीपीएल को परीक्षा आयोजन का काम सौंपने में एल ख्यांग्ते की भूमिका थी। एजेंसी का आरोप है कि टीडीपीएल की ओर से आयोजित परीक्षाओं में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही थी और इसकी जानकारी ख्यांग्ते को थी। इसके बावजूद उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की।
जांच एजेंसी ने एल ख्यांग्ते पर टीडीपीएल से कथित तौर पर दो करोड़ रुपये कमीशन लेने का आरोप भी लगाया है।
मामले में तीन दर्जन से अधिक गिरफ्तारियां
बताते चलें कि परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर CID ने कांड संख्या 16/2026 दर्ज की है। इसी मामले की जांच के दौरान एल ख्यांग्ते को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई थी। इसके बाद से वह जेल में बंद हैं। इस मामले में अब तक तीन दर्जन से अधिक लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
अभय तिवारी के बयान में भी ख्यांग्ते का नाम
मामले में CID के समक्ष JPSC नियुक्ति घोटाले के कथित मुख्य आरोपी अभय तिवारी के स्वीकारोक्ति बयान का भी उल्लेख किया गया है। बताया गया है कि अपने बयान में अभय तिवारी ने एल ख्यांग्ते की कथित भूमिका का जिक्र किया है। उसने टीडीपीएल को परीक्षा आयोजन की एजेंसी के रूप में चयनित करने में ख्यांग्ते की अहम भूमिका होने की बात कही है।
फिलहाल हाईकोर्ट ने CID से सभी बिंदुओं पर जवाब मांगा है। अब मामले की अगली सुनवाई 16 दिसंबर को होगी।
