पुलिस अधिकारियों और जवानों ने न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई
पलामू : संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को जिले के सभी पुलिस प्रतिष्ठानों, थाना परिसरों और अन्य पुलिस इकाइयों में भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने संविधान के मूल आदर्शों एवं मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इस दौरान पुलिसकर्मियों ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के सिद्धांतों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। साथ ही संप्रभुता, समाजवाद, धर्मनिरपेक्षता और लोकतांत्रिक गणराज्य की भावना को बनाए रखने पर जोर दिया गया।
मौलिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों पर दिया जोर
कार्यक्रम में संविधान की गरिमा, मौलिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने संकल्प लिया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ करेंगे। साथ ही आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा और कानून का समान रूप से पालन सुनिश्चित करने के लिए तत्पर रहेंगे।
कानून का शासन और शांति बनाए रखना प्राथमिकता
पलामू पुलिस की ओर से कहा गया कि संविधान के आदर्शों के अनुरूप कानून का शासन स्थापित करना, नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करना तथा समाज में शांति और सौहार्द बनाए रखना उसकी प्राथमिक प्रतिबद्धता है।
