रांची: संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी राज्यस्तरीय ‘संविधान रक्षक रैली’ निकालेगी। रैली के जरिए पार्टी संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक अधिकारों की रक्षा का संदेश देगी। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रविवार को रांची के मोरहाबादी स्थित राजकीय अतिथिशाला में बैठक आयोजित की गई।
बैठक की संयुक्त अध्यक्षता झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने की। इसमें प्रदेश कांग्रेस के विभिन्न फ्रंटल संगठनों और विभागों के अध्यक्षों को कार्यक्रम की जानकारी दी गई।
अंबेडकर चौक से शुरू होकर बिरसा चौक पहुंचेगी रैली
तय कार्यक्रम के अनुसार, 26 नवंबर को रैली डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक से शुरू होगी। यहां से मार्च करते हुए कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता बिरसा चौक पहुंचेंगे। वहां धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा के समक्ष कार्यक्रम का समापन होगा।
बैठक में सभी संगठनों और विभागों के पदाधिकारियों को जिला, विधानसभा और प्रखंड स्तर पर कार्यकर्ताओं की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। पार्टी की ओर से युवाओं से भी रैली में शामिल होने की अपील की गई है।
संविधान और नागरिक अधिकारों की रक्षा का संदेश देगी कांग्रेस
बैठक में कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने कहा कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और संविधान गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। ऐसे में संविधान और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।
प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए भाजपा की नीतियों के खिलाफ संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि रैली के माध्यम से जनता को संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक अधिकारों की सुरक्षा का संदेश दिया जाएगा।
बैठक में कई नेता रहे मौजूद
तैयारी बैठक में सतीश पॉल मुंजनी, दयामणि बरला, गजेंद्र सिंह, कुमार गौरव, राम खलखो, विनय उरांव और प्रशांत किशोर समेत विभिन्न विभागों एवं संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
