रांची, 15 अक्टूबर 2026: स्वर्गीय कार्डिनल तेलेस्फोर पी. टोप्पो के जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को रांची में स्मरण सभा आयोजित की गई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने उनके जीवन, समाज के प्रति योगदान और मानवता की सेवा के लिए किए गए कार्यों को याद किया। श्रद्धांजलि सभा में मौन रखा गया और मोमबत्तियां जलाकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
कार्यक्रम में महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद और सहायक धर्माध्यक्ष आनंद डेविड खलखो सहित कलीसिया के कई धर्मगुरु और कर्मचारी मौजूद रहे।
सादगी, विनम्रता और सेवा के प्रतीक थे कार्डिनल टोप्पो
महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने कार्डिनल टोप्पो को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका जीवन सादगी, विनम्रता और उच्च विचारों का उदाहरण था। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक उत्थान के क्षेत्रों में झारखंड के साथ-साथ देश-विदेश में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्डिनल टोप्पो विशेष रूप से आदिवासी समुदायों, वंचितों और समाज के हाशिए पर खड़े लोगों के अधिकारों के प्रति संवेदनशील रहे। उन्होंने जरूरतमंदों की आवाज बनने और उन्हें सम्मानपूर्ण जीवन का अवसर दिलाने की दिशा में काम किया।
केक काटकर किया गया स्मरण
स्मरण सभा के दौरान महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद और सहायक धर्माध्यक्ष आनंद डेविड खलखो ने केक काटकर कार्डिनल टोप्पो की स्मृतियों को नमन किया। वक्ताओं ने उन्हें कलीसिया का सच्चा मार्गदर्शक और मानवता की सेवा के लिए समर्पित प्रेरणास्रोत बताया।
प्रेम और भाईचारे के मार्ग पर चलने का संकल्प
सभा का माहौल श्रद्धा और भावुकता से भरा रहा। उपस्थित लोगों ने मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की और मोमबत्तियां जलाकर प्रार्थना की। इस दौरान कार्डिनल टोप्पो के जीवन से प्रेरणा लेते हुए प्रेम, सेवा और भाईचारे के मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में सहायक धर्माध्यक्ष आनंद डेविड खलखो, फादर हिलारियूस एक्का, फादर वाल्टर किस्पोट्टा, फादर लूकस रुण्डा, फादर असीम मिंज सहित आर्चबिशप हाउस के सहायक कर्मचारी उपस्थित रहे।
BHARATSUPERFASTNEWS
