Monday, June 15, 2026

370 रुपये की बिरयानी को लेकर चल रहे विवाद पर बढ़ते आक्रोश के बीच कॉमेडियन और बिग बॉस 19 के प्रतियोगी प्रणित मोरे ने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट डिएक्टिवेट कर दिया है.

Share

370 रुपये की बिरयानी को लेकर चल रहे विवाद पर बढ़ते आक्रोश के बीच कॉमेडियन और बिग बॉस 19 के प्रतियोगी प्रणित मोरे ने अपना एक इंस्टाग्राम अकाउंट डिएक्टिवेट कर दिया है. उनके हालिया स्टैंड-अप शो के एक वायरल क्लिप पर ऑनलाइन भारी आलोचना के बाद, उनका इंस्टाग्राम प्रोफाइल (@rjpranit) अब मौजूद नहीं है.

पिछले हफ्ते, प्रणित ने वायरल वीडियो साझा किया था, जिसमें एक दर्शक, जिसकी पहचान बाद में हरियाणा के गुरुग्राम निवासी 23 वर्षीय हिमांशु जांगरा के रूप में हुई, एक अजीबोगरीब डेटिंग अनुभव साझा कर रहा था. इस क्लिप को ऑनलाइन काफी लोकप्रियता मिली और कई यूजर्स ने मोरे और जांगरा की आलोचना की.

मंगलवार को आलोचनाओं के बाद जांगरा को नौकरी से निकाल दिया गया. इसके एक दिन बाद, बुधवार को प्रणित मोरे का इंस्टाग्राम अकाउंट भी ऑफलाइन हो गया. हालांकि, उनका दूसरा अकाउंट, @maharashtrianbhau, जिसके दस लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं, अभी भी मौजूद है, जहां वह मराठी स्टैंड-अप कॉमेडी कंटेंट शेयर करते हैं।

Pranit More

विवाद के बारे में सब कुछ

विवाद तब शुरू हुआ जब जांगरा ने वायरल वीडियो में अपनी डेटिंग की घटना का जिक्र किया. उन्होंने इशारा किया कि एक लड़की के साथ डेट पर उन्होंने चिकन बिरयानी पर करीब 370 रुपये खर्च किए थे, जिसके बदले में उन्हें कुछ मिलना चाहिए था. अपनी प्रतिक्रिया को समझाते हुए उन्होंने कहा कि चूंकि उन्होंने खाने पर 370 रुपये खर्च किए थे, इसलिए उन्हें अपने निवेश पर गर्लफ्रेंड से ‘रिटर्न’ मिलना चाहिए था. उन्होंने कहा, ‘मैंने कहा कि 370 रुपये लगे हैं तो उसे तो वसूल ही करूंगा’.

इस पर सोशल मीडिया यूजर्स ने तुरंत कड़ी प्रतिक्रिया दी और मोरे के उस फैसले की आलोचना की, जिसमें उन्होंने जांगरा को टिप्पणी करने के लिए उकसाया और फिर उस क्लिप को इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया. मोरे ने इस वीडियो को अपने यूट्यूब अकाउंट पर भी शेयर किया था, जिसे अब डिलीट कर दिया गया है.

इसके अलावा, उर्फी जावेद, कुशा कपिला और डॉली सिंह समेत कई इन्फ्लुएंसर्स ने कॉमेडियन पर आपत्तिजनक व्यवहार को सामान्य बनाने का आरोप लगाया. यह विरोध जल्द ही सभी प्लेटफॉर्म्स पर फैल गया और कई यूजर्स ने जांगरा और कॉमेडियन दोनों से जवाबदेही की मांग की.

प्रणित का माफीनामा

आलोचना का जवाब देते हुए प्रणित मोरे ने इंस्टाग्राम पर माफी मांगी. उन्होंने लिखा, “मैंने हाल ही में एक क्राउडवर्क वीडियो को लेकर आ रही आलोचना देखी है. दर्शकों में से एक सदस्य द्वारा की गई टिप्पणी मेरे विचारों को नहीं दर्शाती है. अब सोचता हूं तो लगता है कि मुझे हंसने और आगे बढ़ने की बजाय उस टिप्पणी का विरोध करना चाहिए था. यह मेरी ओर से एक गलती थी.

एक कंपनी में कार्यरत हिमांशु जांगरा की बर्खास्तगी की पुष्टि करते हुए, कंपनी के संस्थापक ने इंस्टाग्राम पर एक बयान साझा किया, जिसमें उन्होंने विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने बताया कि वीडियो क्लिप के ऑनलाइन वायरल होने के बाद कंपनी को जांगरा के बारे में संदेशों, ईमेल और कॉलों की बाढ़ आ गई थी.

विश्वकर्मा ने कहा, “मैं यह बात बिल्कुल स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि उन क्लिप में दिखाए गए बयान आपत्तिजनक हैं. मैं उनसे सहमत नहीं हूं. हमारी कंपनी ऐसे विचारों का समर्थन नहीं करती है, और निश्चित रूप से उन्हें युवा दिमागों को प्रभावित नहीं करना चाहिएट.

उन्होंने आगे बताया कि कंपनी ने आंतरिक समीक्षा की और जांगरा के साथ मिलकर काम करने वाली महिलाओं सहित कई कर्मचारियों से बात की. विश्वकर्मा के अनुसार, कार्यस्थल पर उनके खिलाफ कभी कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई थी.

दरअसल, उनके सहकर्मियों ने उन्हें “पेशेवर, सम्मानजनक, मेहनती और काम में अच्छे व्यवहार वाला” बताया. हालांकि, विश्वकर्मा ने कहा कि यह मामला अब निजी नहीं रहा, बल्कि कंपनी को भी प्रभावित करने लगा है.

उन्होंने जांगरा की बर्खास्तगी के फैसले के बारे में बताते हुए कहा, ‘कार्यस्थल के बाहर जो कुछ हुआ है, उसका असर अब कार्यस्थल पर भी पड़ रहा है, और कंपनी, हमारी टीम, हमारे ग्राहकों और यहां बनाए गए वातावरण के प्रति मेरी जिम्मेदारी है’. सुतापा सिकदर, खुशबू पटानी और मालती चाहर सहित कई जानी-मानी हस्तियों ने हाल ही में इस विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है

Read more

Local News