Sunday, September 27, 2026

एशियन गेम्स में झारखंड की बेटियों का दमदार प्रदर्शन, सिंगापुर को 7-0 से हराकर सेमीफाइनल में भारत

Share

रांची: एशियन गेम्स Aichi-Nagoya 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए सिंगापुर को 7-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। भारतीय टीम ने अब तक अपने सभी मुकाबले जीतते हुए टूर्नामेंट में अपना अजेय अभियान जारी रखा है।

सिंगापुर के खिलाफ मुकाबला झारखंड की खिलाड़ियों के लिए भी खास रहा। भारतीय टीम की डिफेंडर निक्की प्रधान ने अपने 217वें अंतरराष्ट्रीय मैच में गोल किया, जबकि कप्तान सलीमा टेटे ने भी गोल कर टीम की जीत में योगदान दिया।

217वें अंतरराष्ट्रीय मैच में निक्की प्रधान का गोल

निक्की प्रधान के लिए यह मुकाबला खास रहा। उनके 217वें अंतरराष्ट्रीय मैच में किए गए गोल को उनका पहला अंतरराष्ट्रीय गोल बताया जा रहा है। लंबे समय से भारतीय टीम का हिस्सा रहीं निक्की करीब 50 अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।

उनके इस गोल के बाद झारखंड के हॉकी प्रेमियों में भी खुशी का माहौल है।

सलीमा टेटे ने भी किया गोल

भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे ने भी सिंगापुर के खिलाफ गोल किया। झारखंड की ही ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग भी भारतीय टीम का हिस्सा हैं और एशियन गेम्स में टीम के अभियान में योगदान दे रही हैं।

झारखंड की इन खिलाड़ियों की मौजूदगी ने भारतीय महिला हॉकी टीम के प्रदर्शन को राज्य के लिए भी खास बना दिया है।

पांच मैचों में भारत ने किए 66 गोल

एशियन गेम्स में भारतीय महिला टीम ने अब तक आक्रामक हॉकी का प्रदर्शन किया है। भारत ने अपने शुरुआती मुकाबले में उज्बेकिस्तान को 19-0, इंडोनेशिया को 17-1, थाईलैंड को 20-1 और जापान को 3-1 से हराया। इसके बाद सिंगापुर के खिलाफ टीम ने 7-0 से जीत दर्ज की।

इन पांच मुकाबलों में भारतीय टीम ने कुल 66 गोल किए हैं, जबकि उसके खिलाफ सिर्फ 3 गोल हुए हैं।

हॉकी झारखंड ने दी भारतीय टीम को बधाई

हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी ने भारतीय महिला हॉकी टीम को सेमीफाइनल में पहुंचने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि एशियन गेम्स में टीम का प्रदर्शन खिलाड़ियों की मेहनत, आपसी तालमेल और आत्मविश्वास को दर्शाता है।

उन्होंने सलीमा टेटे और निक्की प्रधान के गोल को झारखंड के लिए विशेष खुशी का विषय बताया। साथ ही ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग के भारतीय टीम का हिस्सा होने पर भी खुशी जताई और सेमीफाइनल के लिए पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।

Read more

Local News