पटना: बिहार माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (STET) 2026 के अभ्यर्थियों के लिए जरूरी सूचना है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने STET 2026 के डमी प्रवेश-पत्र को लेकर जानकारी जारी की है। जिन अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन करने के साथ परीक्षा शुल्क जमा किया है, वे 25 सितंबर 2026 की दोपहर से डमी एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। इसे डाउनलोड करने की सुविधा 30 सितंबर 2026 तक उपलब्ध रहेगी।
वेबसाइट से डाउनलोड कर सकेंगे डमी एडमिट कार्ड
अभ्यर्थी समिति की वेबसाइट stetregistration.cbtr.co.in पर जाकर अपना डमी प्रवेश-पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। समिति ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर डमी एडमिट कार्ड डाउनलोड कर उसमें दर्ज सभी विवरणों की जांच कर लें।
गलती होने पर 30 सितंबर तक कर सकेंगे सुधार
यदि डमी प्रवेश-पत्र में किसी प्रकार की त्रुटि दिखाई देती है, तो अभ्यर्थी अपनी यूजर आईडी और पासवर्ड से वेबसाइट पर लॉगिन कर निर्धारित अवधि के भीतर आवश्यक सुधार कर सकते हैं।
अभ्यर्थियों को नाम, जन्मतिथि, श्रेणी और अन्य दर्ज विवरणों की सावधानी से जांच करने की सलाह दी गई है।
आरक्षित श्रेणी में बदलाव पर देना होगा अतिरिक्त शुल्क
यदि कोई अभ्यर्थी अपनी आरक्षित श्रेणी में संशोधन करता है और संशोधित श्रेणी के अनुसार अतिरिक्त शुल्क देय होता है, तो शुल्क की अंतर राशि 30 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन जमा करना अनिवार्य होगा।
निर्धारित समय तक अतिरिक्त शुल्क जमा नहीं करने पर श्रेणी में किए गए संशोधन के दावे पर विचार नहीं किया जाएगा।
समय सीमा खत्म होने के बाद नहीं मिलेगा सुधार का मौका
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद डमी एडमिट कार्ड में किसी भी तरह की त्रुटि सुधार से जुड़े दावे पर विचार नहीं किया जाएगा। इसलिए अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे 30 सितंबर से पहले डमी प्रवेश-पत्र डाउनलोड कर आवश्यक सुधार की प्रक्रिया पूरी कर लें।
