रांची: झारखंड समेत देशभर में एक बार फिर डेमोग्राफिक चेंज का मुद्दा सुर्खियों में है. दरअसल केंद्र सरकार द्वारा देश की आबादी में हो रहे असामान्य बदलाव की स्टडी के लिए एक हाई लेवल कमेटी का गठन किया है. जस्टिस प्रकाश प्रभाकर नावलेकर (रिटा.) को इसका अध्यक्ष बनाया गया है, जो एक साल के अंदर रिपोर्ट सरकार को देगी.
सीएम हेमंत सोरेन ने केंद्र की कमेटी का किया विरोध
जाहिर तौर पर झारखंड में भी डेमोग्राफिक चेंज का मुद्दा उठता रहा है, जो इस हाई लेवल कमेटी के बनने के बाद यहां के संथाल समेत दूसरे क्षेत्रों का अध्ययन करेगी. इधर, केंद्र सरकार के इस फैसले के बाद से इसका विरोध होने शुरू हो गया है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एतराज जताते हुए इसका पुरजोर विरोध किया है.
ये लोग बातें बड़ी-बड़ी करते हैं: मुख्यमंत्री
झारखंड मंत्रालय में मीडियाकर्मियों से बात करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि जब से केंद्र में बीजेपी सरकार बनी है, उसी दिन से यह बातें हो रही है, यह आज और कल की बात नहीं है. उन्होंने कहा कि यह लोग बातें बहुत बड़ी-बड़ी करते हैं लेकिन उसका होता क्या है? केंद्र की भाजपा सरकार को यह पूछना चाहिए कि असम में भी इन लोगों ने यही बात कही थीं, वहां उसका क्या हुआ?. मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि निश्चित रूप से यदि इस तरह की कोई गतिविधियां होती है, तो वह गलत है.
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जो काम की बातें होनी चाहिए, वह हो नहीं रही है. बेवजह राजनीतिक तूल देने की कोशिश की जा रही है. मुख्यमंत्री ने साफ तौर पर कहा कि घुसपैठ को रोकना, केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है, उसे वह कर नहीं पा रहे हैं. उन्होंने कहा कि आज पेट्रोल-डीजल महंगा हो रहा है, उस पर बात नहीं हो रही है. जिन देशों से सस्ते दरों पर पेट्रोल डीजल हमें लेना चाहिए था, वहां से हम ले नहीं रहे हैं.
आज कहां है विश्व गुरु?
उन्होंने केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि विश्व गुरु बनने वाले थे, आज कहां है विश्व गुरु? दुनिया का सबसे बड़ा अर्थव्यवस्था बनने वाले थे लेकिन आज सर के बल भी खड़े होने की स्थिति में नहीं हैं. अपनी सरकार के कामकाज की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा हुई है. बड़े ही योजनावद्ध ढंग से सरकार की योजना को जमीन पर कैसे उतारा जाए इस पर चर्चा हुई है.
‘चंद लोगों के लिए काम करना बीजेपी का एजेंडा’: सीएम
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि इस राज्य में रहने वाले लोगों को ध्यान में रखकर हम काम करते हैं. बीजेपी का एजेंडा सिर्फ यह है कि चंद लोगों के लिए काम करने के लिए वह चलते हैं. उन्होंने एचईसी की तरफ इशारा करते हुए कहा कि आज इस प्लांट में ताला लग गया. लोहे का बैरिकेटिंग हो गया और उसे देखने वाला कोई नहीं है और फालतू बातों को लेकर उस पर चर्चा की जा रही है.


