उच्च एवं तकनीकी शिक्षा संस्थानों के शिक्षकों के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार हेतु ऑनलाइन नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक शिक्षक 5 जुलाई तक www.awards.gov.in पर स्व-नामांकन कर सकते हैं, जिसके लिए न्यूनतम पांच वर्ष का शिक्षण अनुभव आवश्यक है।
रांची। उच्च एवं तकनीकी शिक्षा संस्थानों में कार्यरत शिक्षकों के इस वर्ष के राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए आनलाइन नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। उच्च शिक्षा विभाग के राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल डब्ल्यूडब्लयूडब्लयू डाॅट अवार्ड्स डाट जीओवी डाॅट इन के माध्यम से शिक्षक ऑनलाइन स्व-नामांकन किया जा सकता है।
स्व-नामांकन की अंतिम तिथि पांच जुलाई निर्धारित है। यह राष्ट्रीय पुरस्कार प्रति वर्ष उच्च शिक्षण संस्थानों तथा पालीटेक्निक संस्थानों के शिक्षकों को दिया जाता है। उच्च शिक्षा को भी तीन उप श्रेणियों में बांटा गया है।
पहली उप श्रेणी में इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी तथा वास्तुकला तथा दूसरी उप श्रेणी में विज्ञान, गणित, भौतिक विज्ञान, जीव विज्ञान, रसायन विज्ञान चिकित्सा, फार्मेसी आदि शामिल हैं। तीसरी उप श्रेणी में कला एवं सामाजिक विज्ञान, मानविकी, भाषाएं, विधि अध्ययन, वाणिज्य, प्रबंधन आदि सम्मिलित हैं।
यह पुरस्कार कालेजों, विश्वविद्यालयों, उच्च शिक्षण संस्थानों और पालिटेक्निक संस्थानों के निर्धारित पात्रता मानदंडों को पूरा करने वाले नियमित शिक्षकों की उत्कृष्टता के आधार पर दिया जाता है।
पुरस्कार के आवेदकों के पास स्नातक या स्नातकोत्तर स्तर पर कम से कम पांच वर्ष का पूर्णकालिक शिक्षण अनुभव होना चाहिए और नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि तक आयु 55 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए।
कुलपति, निदेशक और प्रधानाचार्य इस पुरस्कार के लिए पात्र नहीं हैं। हालांकि इन पदों पर पूर्व में कार्यरत शिक्षक आवेदन कर सकते हैं, बशर्ते उनकी आयु 55 वर्ष से अधिक नहीं हो तथा वर्तमान में सक्रिय सेवा में हों।
अगले माह स्कूली शिक्षकों के लिए भी शुरू हो सकती है नामांकन प्रक्रिया
उच्च एवं तकनीकी शिक्षण संस्थानों के लिए यह पुरस्कार योजना पिछले तीन वर्षों से शुरू हुई है। स्कूली शिक्षकों के राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए अलग से योजना संचालित होती है।
उसके लिए अभी आवेदन प्रक्रिया जून माह में शुरू होने की संभावना है। इसके तहत प्रारंभिक एवं माध्यमिक शिक्षकों को उत्कृष्ट कार्य के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार दिया जाता है।


