Friday, July 31, 2026

सिमडेगा: जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक, ‘हर घर जल’ सत्यापन और योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश.

Share

सिमडेगा: जिले में जल जीवन मिशन के तहत संचालित योजनाओं की प्रगति को लेकर उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मिशन के अंतर्गत चल रही परियोजनाओं की स्थिति के साथ-साथ अगस्त में प्रस्तावित ‘जल अर्पण दिवस’ कार्यक्रम की तैयारियों का भी आकलन किया गया।

समीक्षा के दौरान उप विकास आयुक्त ने अधिकारियों से विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और ‘हर घर जल’ सत्यापन अभियान को तेज गति से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।

उन्होंने कनीय अभियंताओं को पंचायत सचिवों के साथ समन्वय स्थापित कर ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति (VWSC) की मासिक बैठकों की कार्यवाही नियमित रूप से अपलोड कराने का निर्देश भी दिया।

बैठक में हैंडपंप मरम्मत कार्यों की लगातार निगरानी रखने, जिले की पूर्ण एकल ग्राम एवं बहुग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं (SVS/MVS) का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने तथा जलकर शुल्क की नियमित वसूली पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों से योजनाओं के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध क्रियान्वयन पर भी ध्यान देने को कहा गया।

समीक्षा बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता मुकेश कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सुरज मुन्नी कुमारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथिलेश केरकेट्टा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Read more

Local News