धनबाद: जिले के सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र बनाने को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत स्कूलों में ही शिविर लगाकर विद्यार्थियों के जरूरी दस्तावेज तैयार और अपडेट किए जाएंगे।
अभियान की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को उपायुक्त आदित्य रंजन ने UID, शिक्षा विभाग और समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को शिविरों के सफल संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य सभी स्कूली बच्चों के आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र की प्रक्रिया को आसान बनाना है। दस्तावेज उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, स्कूल नामांकन और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।
स्कूल परिसर में ही पूरी होगी प्रक्रिया
डीसी ने बताया कि शिविरों के दौरान नए आधार कार्ड बनाए जाएंगे, पुराने आधार कार्ड में जरूरी सुधार या अपडेट किए जाएंगे। इसके अलावा जन्म प्रमाण पत्र से संबंधित कार्यवाही भी विद्यालय स्तर पर ही पूरी करने की व्यवस्था की जाएगी।
इससे अभिभावकों को दस्तावेज बनवाने के लिए अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और समय की भी बचत होगी।
अभियान की निगरानी के लिए बनेगी टास्क फोर्स
अभियान को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए जिला स्तर पर एक निगरानी टीम (टास्क फोर्स) का गठन किया जाएगा। शिविरों की तारीखों की जानकारी जल्द जारी की जाएगी।
उपायुक्त ने अभिभावकों से अपील की है कि वे तय तिथि पर जरूरी दस्तावेजों के साथ अपने बच्चों के विद्यालय पहुंचे, ताकि दस्तावेज बनाने की प्रक्रिया आसानी से पूरी हो सके।
उन्होंने जिला शिक्षा अधीक्षक और जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को निर्देश दिया कि सभी स्कूलों के प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों और बाल विकास परियोजना अधिकारियों को शिविरों के आयोजन और व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि इस अभियान के माध्यम से सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले सभी विद्यार्थियों के आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जा सके।
