Saturday, October 3, 2026

साहिबगंज-बरहरवा रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित, कई ट्रेनें रद्द और कई के बदले रूट.

Share

साहिबगंज: साहिबगंज-बरहरवा रेलखंड पर गंगा नदी के तटबंध के कटने से रेल परिचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सकरीगली और महाराजपुर स्टेशनों के बीच डाउन लाइन पर यात्री और मालगाड़ियों की आवाजाही फिलहाल रोक दी गई है। वहीं, अप लाइन पर ट्रेनों को सीमित गति के साथ चलाया जा रहा है।

रेलवे ने प्रभावित हिस्से में अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम तैनात की है। डाउन लाइन को सुरक्षित कर जल्द से जल्द परिचालन सामान्य करने के लिए चौबीसों घंटे काम किया जा रहा है।

कई ट्रेनें रद्द, यात्रियों को परेशानी

रेलवे की ओर से जारी व्यवस्था के अनुसार 3 अक्टूबर 2026 से शुरू होने वाली यात्रा के लिए 63073 रामपुरहाट-साहिबगंज मेमू रद्द रहेगी।

वहीं 4 अक्टूबर की यात्रा के लिए 63402 मालदा टाउन-साहिबगंज मेमू, 63421 अजीमगंज-साहिबगंज मेमू, 63411 साहिबगंज-भागलपुर मेमू, 53411 बरहरवा-साहिबगंज पैसेंजर और 13427 हावड़ा-साहिबगंज इंटरसिटी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों को रद्द किया गया है।

इसके अलावा 63405 रामपुरहाट-साहिबगंज मेमू तथा तीनपहाड़-राजमहल रूट की 53487, 53485, 53481 और 53483 पैसेंजर ट्रेनें भी 4 अक्टूबर को नहीं चलेंगी।

साहिबगंज-मालदा और भागलपुर रूट भी प्रभावित

4 अक्टूबर को 63401 साहिबगंज-मालदा टाउन मेमू, 63422 साहिबगंज-अजीमगंज मेमू, 63412 भागलपुर-साहिबगंज मेमू और 53412 साहिबगंज-बरहरवा पैसेंजर का परिचालन भी रद्द रहेगा।

इसके साथ ही 63074 साहिबगंज-रामपुरहाट मेमू, 13428 साहिबगंज-हावड़ा एक्सप्रेस, 53408 जमालपुर-रामपुरहाट पैसेंजर और राजमहल-तीनपहाड़ रूट की कई पैसेंजर ट्रेनों को भी रद्द किया गया है।

लंबी दूरी की कई ट्रेनों के बदले गए रास्ते

रेलखंड बाधित होने के कारण कई लंबी दूरी की ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाने का फैसला लिया गया है। 3 अक्टूबर की 13020 काठगोदाम-हावड़ा बाग एक्सप्रेस और 4 अक्टूबर की 13022 रक्सौल-हावड़ा एक्सप्रेस को मुंगेर, भागलपुर, बांका और जसीडीह के रास्ते चलाया जाएगा।

वहीं 3 अक्टूबर की 15657 दिल्ली-कामाख्या ब्रह्मपुत्र मेल तथा 2 अक्टूबर की 15744 भटिंडा-बालुरघाट फरक्का एक्सप्रेस को जमालपुर-मुंगेर-कटिहार रूट से डायवर्ट किया गया है।

रांची और हावड़ा जाने वाली ट्रेनों के रूट में भी बदलाव

4 अक्टूबर की 13024 गया-हावड़ा एक्सप्रेस और 03030 नटेसर-हावड़ा स्पेशल को किऊल-झाझा-आसनसोल मार्ग से चलाया जाएगा।

इसी तरह 13404 भागलपुर-रांची वनांचल एक्सप्रेस और 13072 जमालपुर-हावड़ा एक्सप्रेस को भागलपुर-दुमका-रामपुरहाट के वैकल्पिक रास्ते से चलाने की व्यवस्था की गई है।

कुछ ट्रेनों की यात्रा बीच के स्टेशन पर होगी समाप्त

रेल परिचालन प्रभावित होने के कारण कुछ ट्रेनों को निर्धारित गंतव्य से पहले ही रोककर वापस चलाया जाएगा। 4 अक्टूबर की 53029 अजीमगंज-भागलपुर पैसेंजर बरहरवा में शॉर्ट टर्मिनेट होगी।

13410 किऊल-मालदा टाउन इंटरसिटी का सफर साहिबगंज में समाप्त होगा, जबकि 63063 बर्धमान-साहिबगंज मेमू तिनपहाड़ तक चलेगी। दूसरी ओर 13409 मालदा टाउन-किऊल इंटरसिटी साहिबगंज से शुरू होगी और 63064 साहिबगंज-बर्धमान मेमू तिनपहाड़ से रवाना की जाएगी।

यात्रियों के लिए स्पेशल ट्रेनें भी चलेंगी

यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने कुछ पैसेंजर स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। 4 अक्टूबर को साहिबगंज से भागलपुर के लिए दो स्पेशल ट्रेनें चलेंगी। इनमें पहली ट्रेन सुबह 9:30 बजे और दूसरी शाम 5 बजे रवाना होगी।

भागलपुर से साहिबगंज के लिए उसी दिन रात 10 बजे पैसेंजर स्पेशल ट्रेन चलेगी।

इसके अलावा रामपुरहाट से तीनपहाड़ के बीच भी रात 8:30 बजे पैसेंजर स्पेशल ट्रेन चलाने की व्यवस्था की गई है। यह सेवा सामान्य रेल परिचालन बहाल होने तक जारी रखने की योजना है।

बहाली के लिए रेलवे की टीम लगातार जुटी

रेलवे के अधिकारी प्रभावित हिस्से में स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। कर्मचारियों की टीम लगातार काम कर रही है, ताकि तटबंध से प्रभावित डाउन लाइन को सुरक्षित बनाकर ट्रेनों का सामान्य परिचालन जल्द शुरू किया जा सके।

यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन के परिचालन की स्थिति की जानकारी जरूर जांच लें।

BHARATSUPERFASTNEWS

Read more

Local News