गुमला: जूनियर एशिया हॉकी कप में स्वर्ण पदक जीतकर झारखंड का नाम रोशन करने वाली गुमला की पार्वती टोपनो के परिवार की समस्याओं की जानकारी लेने जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की टीम उनके घर पहुंची। परिवार ने घर में शौचालय और पर्याप्त स्वच्छ पेयजल की सुविधा नहीं होने की जानकारी टीम को दी।
यह पहल झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) के कार्यकारी अध्यक्ष जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद के निर्देश के बाद की गई है। मीडिया में खिलाड़ियों की समस्याओं से जुड़ी खबर सामने आने के बाद झालसा ने संबंधित खिलाड़ियों के घर जाकर उनकी स्थिति जानने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे।
कामडारा स्थित घर पहुंची टीम
निर्देश के बाद गुमला डालसा की टीम ने पार्वती टोपनो के कुम्हार टोली, कामडारा प्रखंड स्थित आवास का दौरा किया। टीम ने पार्वती के माता-पिता सोमा टोपनो और जानो टोपनो से मुलाकात की।
इस दौरान परिवार की आर्थिक-सामाजिक स्थिति के साथ-साथ उन्हें मिलने वाली सरकारी सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली गई।
घर में शौचालय और साफ पानी की सुविधा नहीं
परिवार के सदस्यों ने बताया कि पार्वती टोपनो टीम के पहुंचने से एक दिन पहले हॉकी प्रशिक्षण के लिए बेंगलुरु रवाना हो चुकी थीं।
परिवार ने डालसा टीम को बताया कि उनके घर में फिलहाल शौचालय की सुविधा उपलब्ध नहीं है। इसके अलावा पर्याप्त स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था भी नहीं है। टीम ने परिवार से उनकी अन्य जरूरतों और सरकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी भी ली।
सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का आश्वासन
डालसा की टीम ने परिवार को भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर पात्रता के अनुसार सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की कोशिश की जाएगी।
टीम ने यह भी कहा कि खिलाड़ियों और उनके परिवारों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।
खिलाड़ियों की समस्याओं पर झालसा ने लिया संज्ञान
जूनियर एशिया हॉकी कप में झारखंड की महिला खिलाड़ियों के स्वर्ण पदक जीतने के बाद सामने आई उनकी समस्याओं को लेकर झालसा ने पहल की है। निर्देश के तहत डालसा की टीमों को खिलाड़ियों के घर जाकर वास्तविक स्थिति जानने और जरूरत के मुताबिक सहायता उपलब्ध कराने को कहा गया है।
पार्वती टोपनो के घर पहुंची टीम ने भी परिवार को उनके अधिकारों और उपलब्ध सरकारी सहायता के संबंध में सहयोग का भरोसा दिलाया।
BHARATSUPERFASTNEWS
