Monday, July 6, 2026

समस्तीपुर में सरेशाम युवक की गोली मारकर हत्या

Share

समस्तीपुर के जितवारपुर चौक पर कृष्णा हाई स्कूल के पास सब्जी हाट में गुरुवार शाम एक युवक Samastipur News सुमित कुमार उर्फ महाकाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक से सब्जी खरीदने आए सुमित को दो बदमाशों ने निशाना बनाया। गोली चलते ही हाट में भगदड़ मच गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सुमित कुछ महीने पहले ही जेल से जमानत पर रिहा हुआ था।

समस्तीपुर। मुफस्सिल थाना के जितवारपुर चौक स्थित कृष्णा हाई स्कूल के सामने गुरुवार की शाम सब्जी हाट में बेखौफ बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना करीब 6.45 बजे हुई। मृतक की पहचान जितवारपुर हसनपुर के रामानंद राय के पुत्र सुमित कुमार उर्फ महाकाल के रूप में हुई।

बताया गया कि वह बाइक से सब्जी खरीदने अपने एक पड़ोसी युवक के साथ पहुंचा था। वह बाइक लगाकर हाट में खड़ा था। इसी दौरान दो की संख्या में पहुंचे बदमाश ने उसे निशाना बनाते हुए गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनते ही हाट में भगदड़ मच गई।

सभी सब्जी विक्रेता और ग्राहक आनन-फानन में दौड़ पड़े। जबकि, गोली लगते ही युवक मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने आनन-फानन में उसे इलाज को लेकर सदर अस्पताल लेकर पहुंची। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बताया गया कि घटना के बाद में बदमाश पैदल ही प्रखंड कार्यालय की तरफ भाग निकले। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष अजित प्रसाद सिंह, नगर प्रभारी थानाध्यक्ष शंभूनाथ सिंह समेत पुलिस टीम सदर अस्पताल पहुंची। सुमित के स्वजन भी भागे-भागे सदर अस्पताल पहुंचे।

बताया कि वह घर से सब्जी लेने को निकला था। इसी दौरान उन्हें गोली मारे जाने की सूचना मिली। मौत की जानकारी मिलते ही मृतक के स्वजनों के बीच कोहराम मच गया। मां का अस्पताल में रोते-रोते बुरा हाल बना था। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर घटना की छानबीन की जा रही है। बदमाशों की पहचान की कोशिश जारी है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

तीन माह पूर्व ही जेल से आया था सुमित

मृतक सुमित को पुलिस ने गत वर्ष म‌ई महीने में जितवारपुर चौथ में हुई किसान हरिश्चंद्र की हत्या में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। उक्त मामले में वह जेल में बंद था। तीन महीने पहले ही वह बेल पर छूटकर वापस आया था।

विभूतिपुर से लौट रहे थे एसपी 

जिला पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह विभूतिपुर से लौट रहे थे। वह घटना के करीब पंद्रह मिनट बाद में घटनास्थल से गुजरे। लेकिन, उनकी गाड़ी घटनास्थल पर नहीं रूकी। एसपी सीधे गुजरते चले गए। बताया गया कि बदमाश उसी दिशा में भागे जिस दिशा से एसपी की गाड़ी आ रही थी। हालांकि, घटना के बाद में पुलिस की सक्रियता रही। पुलिस की कई गाडियां सड़क पर गश्त लगाते नजर आयी।

Read more

Local News