बाढ़ (पटना) : मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी बुधवार को नदमा गांव में ऋषिकेश के साथ संपन्न हुई। इस भव्य शादी में भोजपुरी कलाकारों से लेकर बिहार और उत्तर प्रदेश की राजनीति से जुड़े कई चर्चित चेहरे शामिल हुए। सुबह से ही मेहमानों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। दिन चढ़ने के साथ गांव में लोगों की भीड़ बढ़ती गई और देर रात तक शादी की रस्में चलती रहीं।
घुड़दौड़ बना शादी का मुख्य आकर्षण
शादी के मौके पर आयोजित घुड़दौड़ लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। इसमें बिहार और उत्तर प्रदेश के कई घुड़सवारों ने हिस्सा लिया। आयोजन में कुल 52 घोड़े पहुंचे थे।
हालांकि, क्षमता से अधिक भीड़ जुटने के कारण घुड़दौड़ का फाइनल मुकाबला स्थगित करना पड़ा। बताया जा रहा है कि फाइनल रेस गुरुवार को आयोजित हो सकती है।
10 किलोमीटर तक लगा जाम, कई वीआईपी भी फंसे
शादी में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोगों और वाहनों के पहुंचने से नदमा रोड और फोरलेन पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। जानकारी के मुताबिक, करीब 10 किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। कई वीआईपी मेहमान भी जाम में फंस गए।
बताया गया कि लगभग पांच घंटे तक वाहन धीमी गति से चलते रहे। भीड़ के कारण मोबाइल नेटवर्क पर भी असर पड़ा। यहां तक कि विधायक अनंत सिंह को भी शादी के पंडाल से घुड़दौड़ मैदान तक पहुंचने में काफी समय लगा।
पवन सिंह ने गाने से जमाया रंग, कई बड़े नेता पहुंचे
शादी समारोह में केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार, मंत्री रामकृपाल यादव, सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह, उत्तर प्रदेश के विधायक दीपक राय और मुन्ना शुक्ला की पत्नी अन्नू शुक्ला सहित कई राजनीतिक हस्तियां शामिल हुईं।
भोजपुरी कलाकार और विधान पार्षद पवन सिंह भी समारोह में पहुंचे। उन्होंने मंच से गाना गाकर मेहमानों का मनोरंजन किया और शादी समारोह में रंग जमा दिया।
डिफेंडर से पहुंचे दूल्हे, लैंड क्रूजर से शिवांगी की एंट्री
शादी समारोह में दूल्हे ऋषिकेश की एंट्री भी चर्चा का विषय रही। जानकारी के मुताबिक, वह अनंत सिंह की ओर से उपहार में दी गई डिफेंडर गाड़ी से बारात लेकर पहुंचे। उनके साथ करीब 200 गाड़ियों का काफिला था।
वहीं, दुल्हन शिवांगी ने लैंड क्रूजर से समारोह में प्रवेश किया। जयमाला के दौरान मंच पर मेहमानों की भारी भीड़ जुट गई। तालियों के साथ वर-वधू का स्वागत किया गया। इस दौरान जमकर आतिशबाजी भी हुई।
घुड़दौड़ देखने आए बुजुर्ग की मौत
शादी समारोह के बीच एक दुखद घटना भी सामने आई। नदमा गांव में घुड़दौड़ देखने आए एक अज्ञात बुजुर्ग की मौत हो गई। पुलिस ने उन्हें बेहोशी की हालत में बाढ़ अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
बुजुर्ग की मौत के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। उनकी पहचान भी तत्काल नहीं हो सकी थी।
