Thursday, November 26, 2026

झारखंड में बढ़ी ठंड, लातेहार में पारा 8.2 डिग्री तक लुढ़का

Share

रांची के बाहरी इलाकों में ज्यादा कनकनी, नामकुम का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री दर्ज

रांची : आसमान से बादल छंटने के बाद झारखंड में ठंड का असर तेज हो गया है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार, पिछले 24 घंटे में रांची का न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस गिरकर 12.4 डिग्री पर पहुंच गया। वहीं, राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 8.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

सुबह दृश्यता घटकर 1500 मीटर रही

रांची में गुरुवार को अधिकतम तापमान 24.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे एक दिन पहले न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री और अधिकतम तापमान 25 डिग्री था। ठंड बढ़ने के साथ सुबह के समय शहर में दृश्यता घटकर 1500 मीटर रह गई।

जमशेदपुर सबसे गर्म शहर

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, राज्य के प्रमुख शहरों में जमशेदपुर सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अन्य शहरों का तापमान इस प्रकार रहा :

  • चाईबासा : अधिकतम 28.4, न्यूनतम 13.6 डिग्री
  • डालटनगंज : अधिकतम 27.2, न्यूनतम 12.8 डिग्री
  • बोकारो थर्मल : अधिकतम 25.1, न्यूनतम 12.2 डिग्री

कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे

राज्य के कई जिलों में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। लातेहार में न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री रहा, जबकि गुमला में पारा 9.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। अन्य जिलों में खूंटी और हजारीबाग का न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री, सिमडेगा का 11.3 डिग्री और सरायकेला का 14.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान कोडरमा में 30.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

रांची के बाहरी इलाकों में ज्यादा ठंड

राजधानी के अलग-अलग इलाकों में भी तापमान का अंतर देखने को मिला। हिनू में अधिकतम तापमान 24.7 और न्यूनतम 12.4 डिग्री सेल्सियस रहा। कांके में अधिकतम तापमान 24.4 और न्यूनतम 10.4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, नामकुम में न्यूनतम तापमान गिरकर 9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के किसी भी मौसम केंद्र पर बारिश दर्ज नहीं हुई। पूरे झारखंड में मौसम शुष्क बना हुआ है।

Read more

Local News