Friday, July 31, 2026

लातेहार: उत्कृष्ट बालिका विद्यालय की प्राचार्य ने लगाए गंभीर आरोप, कहा- दबाव बनाने के लिए किया जा रहा मानसिक प्रताड़ित.

Share

लातेहार: जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका विद्यालय पिछले कुछ दिनों से विवादों को लेकर चर्चा में है। गुरुवार को विद्यालय की कई छात्राएं समाहरणालय पहुंचीं और उपायुक्त से स्कूल में शैक्षणिक व्यवस्था में कमी तथा मध्याह्न भोजन से जुड़ी कथित अनियमितताओं की शिकायत की थी।

इसके बाद शुक्रवार को विद्यालय की प्राचार्य ज्योति ज्योत्सना ने प्रेस वार्ता कर अपना पक्ष रखा। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें मानसिक दबाव में रखा जा रहा है और लगातार परेशान किया जा रहा है। प्राचार्य ने कहा कि वह इस स्थिति से काफी आहत हैं।

प्राचार्य ने जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय से जुड़े दो कर्मियों पर हर महीने 30 हजार रुपये की अवैध मांग करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि जब उन्होंने इस मांग को मानने से इनकार किया तो उनके खिलाफ दबाव की स्थिति बनाई जाने लगी।

उन्होंने कुछ शिक्षकों पर भी आरोप लगाया कि वे छात्राओं को उनके खिलाफ भड़काने का प्रयास कर रहे हैं। प्राचार्य के अनुसार, इसके पीछे उन्हें पद से हटाने की साजिश हो सकती है।

ज्योति ज्योत्सना ने बताया कि वह पिछले सात वर्षों से इस विद्यालय में कार्यरत हैं और करीब चार वर्षों से प्रभारी प्राचार्य की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। उनके अनुसार, इससे पहले कभी किसी छात्रा ने उनके खिलाफ शिकायत नहीं की थी।

उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में उनके खिलाफ माहौल तैयार करने की कोशिश की जा रही है, जिससे विद्यालय का वातावरण प्रभावित हो रहा है और इसका असर छात्राओं के भविष्य पर भी पड़ सकता है।

वहीं, जिला शिक्षा पदाधिकारी गौतम साहू ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह विद्यालय का आंतरिक विवाद प्रतीत हो रहा है। उन्होंने बताया कि मामला उपायुक्त के संज्ञान में है और अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में इसकी जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Read more

Local News