रांचीः राजधानी में सीसटीवी से निगरानी का दायरा बढ़ाने की कवायद शुरू कर दी गई है. प्लानिंग के तहत राजधानी के सभी शैडो एरिया को भी अब तीसरी आंख के जद में लाया जा रहा है. डीजीपी के द्वारा गठित कमेटी पूरे राजधानी को सीसीटीवी के जद में लाने के लिए दिन रात काम मे लगी हुई है.
अपराध नियंत्रण में कारगर
आपराधिक वारदातों को अंजाम देने वाले अपराधियों को गिरफ्तार करने और उनका सुराग हासिल करने में सीसीटीवी कैमरा का अहम योगदान होता है. राजधानी रांची में कई ऐसे बड़े आपराधिक वारदातों को सीसीटीवी कैमरे के जरिए सुलझाया गया है. ऐसे में अब पूरी राजधानी को सीसीटीवी के जद में लाने की तैयारी शुरू कर दी गई है. वर्तमान समय में राजधानी रांची के कुछ प्रमुख चौक चौराहों और महत्वपूर्ण स्थान पर सीसीटीवी कैमरे के द्वारा मॉनिटरिंग की जाती है. लेकिन अब राजधानी के सभी शैडो एरिया में भी सीसीटीवी कैमरे का जाल बिछाने की शुरुआत की जा रही है.
हर तरफ नजर रखने की तैयारी
राजधानी के चप्पे-चप्पे पर ‘तीसरी आंख’ यानी सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाएगी. झारखंड के डीजीपी के निर्देश पर बनी विशेष कमेटी ने शहर में सीसीटीवी की संख्या बढ़ाने की तैयारियां तेज कर दी हैं. असल में बढ़ते अपराध और शहर के विस्तार के कारण राजधानी के कई संवेदनशील स्पॉट शैडो एरिया बन गए हैं, जहां मैन पावर की जगह निगरानी रखना संभव नहीं होता है. ऐसे में अब इलेक्ट्रॉनिक सविलांस के जरिए सभी शैडो एरिया को कवर करने की तैयारी शुरू कर दी गई है.
वर्तमान समय में शहर के अंदर की सड़कों से लेकर मुख्य मार्गों तक कई ऐसे इलाके हैं, जहां सीसीटीवी कैमरों का कोई इंतजाम नहीं है. अगर इन जगहों पर कोई अपराध हो जाता है, तो पुलिस को अपराधी का सुराग लगाने में भारी मशक्कत करनी पड़ती है. इसी समस्या को दूर करने के लिए डीजीपी ने कमेटी गठित की है.
इस कमेटी में एडीजी हेडक्वार्टर, रांची एसएसपी, सिटी एसपी और ट्रैफिक एसपी शामिल हैं. कमेटी का काम है ऐसे संवेदनशील स्पॉट चिन्हित करना, उनकी सूची तैयार करना और जरूरी सीसीटीवी कैमरों की संख्या व लागत की पूरी रिपोर्ट देना.
एडीजी पुलिस हेडक्वार्टर मनोज कौशिक ने बताया कि रांची की निगेहबानी मजबूत करने के लिए सभी संवेदनशील स्पॉट चिन्हित कर वहां सीसीटीवी सर्विलांस बढ़ाया जाएगा. हम इस पर फोकस कर रहे है, इसके तहत रांची शहर में अपराध नियंत्रण के लिए संवेदनशील स्पॉट्स को चिन्हित कर सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाई जा रही है. सभी एरिया को सर्विलांस के दायरे में लाने का काम तेजी से चल रहा है.
शहर का फैलाव लगातार बढ़ रहा
एडीजी मनोज कौशिक ने बताया की शहर के विस्तार के साथ नए-नए शैडो एरिया बन रहे हैं, जिन्हें अब कवर किया जाएगा. कमेटी जल्द ही अपनी रिपोर्ट सौंपेगी, जिसके आधार पर सीसीटीवी लगाने का काम शुरू हो जाएगा. इससे न सिर्फ अपराधों का त्वरित पता लगेगा, बल्कि अपराधियों को पकड़ना भी आसान हो जाएगा. पुलिस का यह कदम शहरवासियों की सुरक्षा को और मजबूत करेगा.
आउटर और इनर दोनों जगहों को किया जाएगा मजबूत
सीसीटीवी कैमरा के फैलाव को लेकर कई तरह की प्लानिंग की गई है. इसके तहत राजधानी रांची के सभी बैंक, बड़े जेवर दुकान, सभी महत्वपूर्ण कार्यालय के साथ-साथ रांची के आउटर और इनर दोनों मार्गो को सीसीटीवी कैमरा की निगरानी में रखा जाएगा. बता दें कि रांची में हाल के दिनों में चोरी, लूट और अन्य अपराधों के मामले बढ़े हैं. ऐसे में सीसीटीवी नेटवर्क का विस्तार अपराध दर को कम करने में बड़ी भूमिका निभाएगा.


