रांचीः झारखंड में प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने की दिशा में एक और प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को झारखंड मंत्रालय में जमशेदपुर विमेंस यूनिवर्सिटी की छात्रा कुमारी आराध्या राय को सम्मानित किया. उन्हें झारखंड विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार परिषद (JCSTI) द्वारा आयोजित ‘लोगो (प्रतीक चिन्ह) डिजाइन’ प्रतियोगिता में विजेता चुना गया.
मुख्यमंत्री ने की प्रतीक चिन्ह की सराहना
मुख्यमंत्री ने आराध्या राय द्वारा तैयार किए गए प्रतीक चिन्ह की सराहना करते हुए कहा कि यह डिजाइन न केवल आकर्षक है, बल्कि झारखंड के विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार के व्यापक दृष्टिकोण को भी प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करता है. उन्होंने कहा कि इस तरह की रचनात्मक सोच और नवाचार राज्य के युवाओं में छिपी अपार संभावनाओं को दर्शाता है.
झारखंड सरकार युवाओं को प्रोत्साहित कर रही है- हेमंत सोरेन
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि झारखंड सरकार युवाओं को विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए लगातार प्रोत्साहित कर रही है. ऐसे प्रयासों से राज्य में नवाचार की संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और युवा अपनी प्रतिभा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित कर सकेंगे.
आराध्या राय द्वारा तैयार लोगो को सर्वश्रेष्ठ घोषित किया गया
गौरतलब है कि कुमारी आराध्या राय ने अपने अभिनव और रचनात्मक डिजाइन के माध्यम से झारखंड काउंसिल ऑन साइंस, टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन (JCSTI) के लिए नया प्रतीक चिन्ह तैयार किया, जिसे प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ घोषित किया गया. उनके डिजाइन में आधुनिकता और परंपरा का संतुलन देखने को मिलता है, जो झारखंड की वैज्ञानिक सोच और प्रगति को दर्शाता है.
यह उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणादायक- सुदिव्य कुमार सोनू
इस सम्मान समारोह के दौरान मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और विधायक विकास मुंडा भी उपस्थित रहे. दोनों ने छात्रा की उपलब्धि की सराहना करते हुए इसे राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया. यह उपलब्धि न केवल आराध्या राय के लिए गर्व की बात है, बल्कि झारखंड के शैक्षणिक और नवाचार क्षेत्र के लिए भी एक सकारात्मक संकेत है, जो आने वाले समय में और अधिक प्रतिभाओं को सामने लाने में मदद करेगा.


