Wednesday, April 22, 2026

रांची विश्वविद्यालय की कुलपति अब दो कार्यालयों से शैक्षणिक और प्रशासनिक जिम्मेदारी संभालेंगी.

Share

रांची: राजधानी के रांची विश्वविद्यालय की प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक सुचारु और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं.

जारी अधिसूचना के अनुसार, कुलपति का परिसर कार्यालय अब विश्वविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग स्थित भवन, मोरहाबादी परिसर में संचालित होगा. इसके साथ ही, आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) को तत्काल प्रभाव से भूविज्ञान विभाग, बेसिक साइंस बिल्डिंग, मोरहाबादी परिसर के कमरा नंबर 201 में स्थानांतरित कर दिया गया है.

रांची विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि इस बदलाव से न केवल शैक्षणिक और प्रशासनिक गतिविधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा, बल्कि छात्रों और शिक्षकों की समस्याओं का त्वरित समाधान भी संभव हो सकेगा. खासकर मोरहाबादी परिसर में कुलपति की नियमित उपस्थिति से वहां संचालित विभागों की कार्यप्रणाली पर सकारात्मक प्रभाव पड़ने की उम्मीद है.

इस संबंध में रांची विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार गुरुचरण साहू ने बताया कि कुलपति प्रो. सरोज शर्मा अब दो कार्यालयों से कार्य करेंगी. एक ओर जहां वे प्रशासनिक भवन में अपने नियमित दायित्वों का निर्वहन करेंगी, वहीं दूसरी ओर मोरहाबादी स्थित परिसर में भी समय देकर विश्वविद्यालय की विभिन्न समस्याओं पर सीधे नजर रखेंगी. उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में लंबे समय से कई प्रकार की प्रशासनिक और शैक्षणिक चुनौतियां बनी हुई हैं, जिन्हें देखते हुए यह निर्णय लिया गया है.

रजिस्ट्रार ने यह भी स्पष्ट किया कि इस नई व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के बीच संवाद को मजबूत करना और कार्यों में पारदर्शिता लाना है. मोरहाबादी परिसर में कुलपति की मौजूदगी से छात्रों, शोधार्थियों और शिक्षकों को अपनी समस्याएं सीधे रखने का अवसर मिलेगा, जिससे समाधान प्रक्रिया में तेजी आएगी.

रांची विश्वविद्यालय प्रशासन को उम्मीद है कि इस पहल से रांची विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली में सुधार होगा और शैक्षणिक माहौल को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकेगा.

Read more

Local News