Monday, June 15, 2026

रांची में पेट्रोल की बढ़ती कीमतों का असर अब गिग वर्कर्स पर भी दिखने लगा है.

Share

रांची: पेट्रोल की लगातार बढ़ती कीमतों का असर अब शहरों की डोर-टू-डोर डिलीवरी व्यवस्था पर भी साफ दिखाई देने लगा है. ऑनलाइन फूड और ग्रॉसरी डिलीवरी से जुड़े गिग वर्कर्स का कहना है कि ईंधन खर्च तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन उनकी कमाई और इंसेंटिव में उसी अनुपात में बढ़ोतरी नहीं हुई. ऐसे में डिलीवरी पार्टनर्स पर आर्थिक दबाव बढ़ता जा रहा है, जिसका असर अब आम लोगों तक भी पहुंचने लगा है.

शहरों में बड़ी संख्या में लोग रोजमर्रा की जरूरतों के लिए ऑनलाइन सेवाओं पर निर्भर हैं. नौकरीपेशा लोग समय बचाने के लिए घर पर खाना और जरूरी सामान मंगाते हैं. छात्र पढ़ाई और हॉस्टल जीवन के कारण ऑनलाइन सेवाओं का उपयोग करते हैं, वहीं बुजुर्ग और बीमार लोग भी दवाइयों और आवश्यक वस्तुओं की होम डिलीवरी पर निर्भर रहते हैं. लेकिन पेट्रोल महंगा होने से डिलीवरी सेवाओं की रफ्तार प्रभावित होने लगी है.

डिलीवरी पार्टनर्स का कहना है कि उनकी कमाई पूरी तरह ऑर्डर की संख्या और तय लक्ष्य पर निर्भर करती है. उन्हें कोई निश्चित मासिक वेतन नहीं मिलता. हर सफल डिलीवरी पर एक बेस फीस दी जाती है, जबकि दूरी ज्यादा होने पर अतिरिक्त भुगतान मिलता है. इसके अलावा, दिनभर में तय संख्या में ऑर्डर पूरा करने पर बोनस और पीक आवर में अतिरिक्त इंसेंटिव भी मिलता है. हालांकि, बढ़ते पेट्रोल खर्च के कारण अब यह कमाई पहले जैसी लाभदायक नहीं रह गई है.

गिग वर्कर्स के अनुसार, एक डिलीवरी पार्टनर की औसत कमाई लगभग 22 से 25 हजार रुपये प्रतिमाह तक पहुंचती है, लेकिन इसमें से पेट्रोल, बाइक की सर्विसिंग, मोबाइल डेटा और अन्य खर्च उन्हें खुद उठाने पड़ते हैं. अनुमान के मुताबिक हर महीने 5 से 7 हजार रुपये केवल ईंधन और वाहन रखरखाव में खर्च हो जाते हैं. ऐसे में वास्तविक बचत काफी कम रह जाती है.

डिलीवरी एजेंटों का कहना है कि पहले जहां कम दूरी में ज्यादा ऑर्डर पूरे हो जाते थे, वहीं अब ट्रैफिक, लंबी दूरी और महंगे ईंधन के कारण समय और खर्च दोनों बढ़ गए हैं. कई पार्टनर्स ने बताया कि यदि किसी दिन ऑर्डर कम मिलते हैं, तो पेट्रोल खर्च निकालना भी मुश्किल हो जाता है. खराब मौसम या ट्रैफिक जाम की स्थिति में परेशानी और बढ़ जाती है. इसका असर ग्राहकों पर भी दिखाई दे रहा है. कई इलाकों में डिलीवरी का समय बढ़ रहा है.

कुछ उपभोक्ताओं का कहना है कि पहले जहां 20 से 30 मिनट में ऑर्डर पहुंच जाता था, अब उसमें अधिक समय लग रहा है. देर से डिलीवरी होने पर नौकरीपेशा लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है, जबकि छात्रों और बुजुर्गों को भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है. इसके साथ ही शहर के कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन का स्टॉक खत्म होने की स्थिति भी सामने आ रही है. कई पंपों पर पेट्रोल नहीं मिलने से डिलीवरी पार्टनर्स को लंबी दूरी तय कर दूसरे इलाकों में जाना पड़ रहा है. इसका सीधा असर डिलीवरी समय पर पड़ रहा है और कई ऑर्डर तय समय से देर से पहुंच रहे हैं.

एक गिग वर्कर ने बताया कि पेट्रोल संकट की खबरें और बढ़ती कीमतों की वजह से बाजार में करीब 25 प्रतिशत तक गिरावट महसूस की जा रही है. उनका कहना है कि लोग अब गैरजरूरी ऑनलाइन ऑर्डर कम कर रहे हैं, जिससे कमाई भी प्रभावित हो रही है. यदि ईंधन कीमतों में लगातार बढ़ोतरी होती रही और गिग वर्कर्स की आय में संतुलित सुधार नहीं हुआ, तो आने वाले समय में डोर-टू-डोर सेवाओं की गुणवत्ता और उपलब्धता दोनों प्रभावित हो सकती हैं. फिलहाल, गिग वर्कर्स बढ़ते खर्च और घटती बचत के बीच संतुलन बनाने की कोशिश कर रहे हैं.

Read more

Local News