Saturday, May 9, 2026

रांची में इरफान अंसारी ने वित्तमंत्री राधाकृष्ण किशोर से मुलाकात की.

Share

रांची: कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद धीरज साहू और झारखंड सरकार में स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी शुक्रवार को रांची के अशोक नगर स्थित आवास पर राज्य के वित्तमंत्री राधाकृष्ण किशोर से मुलाकात की. इस महत्वपूर्ण मुलाकात के दौरान पार्टी संगठन, वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों तथा विभिन्न सामाजिक एवं संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई.

बातचीत के दौरान वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि वे पार्टी के कुछ निर्णयों से आहत अवश्य हैं, लेकिन पार्टी हित को सर्वोपरि मानते हुए 18 तारीख तक कोई सार्वजनिक बयान नहीं देंगे. उन्होंने कहा कि वे झारखंड कांग्रेस प्रभार के. राजू से मुलाकात कर अपनी बात विस्तारपूर्वक रखेंगे.

वहीं, इरफान अंसारी ने बताया कि वित्तमंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा है कि मैंने जो भी बातें बीते दिनों में कही हैं, वे पार्टी विरोधी नहीं हैं बल्कि पार्टी हित, सामाजिक न्याय और सम्मान से जुड़ी बातें हैं. स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि मेरे और पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज साहू के आग्रह पर राधाकृष्ण किशोर ने भरोसा दिलाया कि 18 मई तक वह पूरी संयम बरतेंगे और अपनी बात पार्टी आलाकमान के समक्ष रखेंगे.

वित्तमंत्री ने कहा कि दलित, वंचित और कमजोर वर्गों की आवाज को गंभीरता से सुना जाना चाहिए. उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी में दलितों, अल्पसंख्यकों एवं कमजोर वर्गों की भागीदारी और सम्मान सुनिश्चित होना अत्यंत आवश्यक है. समय रहते संवाद और समाधान की प्रक्रिया अपनाई जाए, तभी संगठनात्मक मजबूती एवं सकारात्मक माहौल कायम रहेगा.

इस मौके पर पूर्व सांसद धीरज साहू ने कहा कि सार्वजनिक बयानबाजी से विपक्ष, विशेषकर भाजपा को राजनीतिक लाभ मिलने की संभावना बढ़ जाती है. उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी अंदरूनी मुद्दों का समाधान संगठनात्मक मंच पर आपसी संवाद के माध्यम से किया जाना चाहिए.

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से दलितों, अल्पसंख्यकों एवं कमजोर वर्गों के सम्मान और अधिकारों की पक्षधर रही है और आगे भी रहेगी. उन्होंने कहा कि राधा कृष्ण किशोर हमारे वरिष्ठ नेता, अभिभावक और संघर्षशील व्यक्तित्व हैं. वे सिर्फ दलित समाज ही नहीं, बल्कि अल्पसंख्यक एवं वंचित समाज की भी मजबूत आवाज हैं. उनके आक्रोश, भावनाओं और सुझावों को हम पूरी गंभीरता के साथ पार्टी आलाकमान तक पहुंचाएंगे. फिलहाल संवाद, संयम और संगठनात्मक एकता बनाए रखना बेहद जरूरी है.

स्वास्थ्य मंत्री ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी एक परिवार की तरह है और हर विषय का समाधान लोकतांत्रिक संवाद एवं संगठनात्मक प्रक्रिया के माध्यम से निकाला जाएगा. इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता सच्चिदानंद चौधरी भी उपस्थित थे.

Read more

Local News