रांची: बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू) के कृषि महाविद्यालय खेल मैदान में शुक्रवार से इंटर कॉलेज वॉलीबॉल प्रतियोगिता की शुरुआत हो गई। पांच दिवसीय इस प्रतियोगिता का उद्घाटन झारखंड के आरक्षी महानिरीक्षक (रेल) डॉ. माइकल राज एस ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने और फीता काटकर किया।
उद्घाटन अवसर पर डॉ. माइकल राज एस ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीमवर्क और स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से खेल भावना और समर्पण के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एस.सी. दुबे ने की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि झारखंड की खेल प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं और बीएयू के छात्र भी इस दिशा में बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
इस अवसर पर कृषि संकाय के डीन डॉ. डी.के. शाही ने मुख्य अतिथि का स्वागत पुष्पगुच्छ और स्मृति-चिह्न भेंट कर किया। छात्र कल्याण निदेशक डॉ. बी.के. अग्रवाल ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम का संचालन खेल समन्वयक डॉ. नीरज कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. शिवम मिश्रा ने प्रस्तुत किया।
उद्घाटन के बाद प्रतियोगिता का पहला मुकाबला रांची कृषि महाविद्यालय और पशु चिकित्सा एवं पशुपालन महाविद्यालय की टीमों के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया और दर्शकों को रोमांचक मुकाबला देखने को मिला।
विश्वविद्यालय की इस प्रतियोगिता में छात्र एवं छात्राओं की कुल आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं। पांच दिनों तक चलने वाले इस आयोजन के समापन पर विजेता टीमों को ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता के दौरान बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक और खेल प्रेमी मौजूद रहे।
