Friday, July 31, 2026

रांची: चुनुवा टोली बस्ती में विरोध के बाद लौटी नगर निगम की टीम, दो दिन में खाली करने की चेतावनी.

Share

रांची: बिरसा मुंडा बस स्टैंड के पीछे स्थित चुनुवा टोली बस्ती में शुक्रवार को नगर निगम की कार्रवाई स्थानीय लोगों के विरोध के कारण आगे नहीं बढ़ सकी। सरकारी भूमि पर अतिक्रमण हटाने पहुंची निगम की टीम को प्रदर्शन और विवाद के बाद वापस लौटना पड़ा।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि निगम की टीम बिना पूर्व सूचना के जेसीबी मशीनों के साथ मकान हटाने पहुंची थी। टीम के पहुंचते ही बड़ी संख्या में बस्ती के लोग एकत्र हो गए और कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। इस दौरान करीब दो घंटे तक अधिकारियों और स्थानीय निवासियों के बीच बातचीत और बहस का दौर चलता रहा।

विरोध की सूचना मिलने पर संबंधित वार्ड के पार्षद पवन तिर्की भी मौके पर पहुंचे और बस्तीवासियों का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार को हटाने से पहले उसके पुनर्वास की व्यवस्था की जानी चाहिए। उनके अनुसार, चुनुवा टोली में कई आदिवासी परिवार दशकों से निवास कर रहे हैं और अचानक उन्हें हटाने से वे बेघर हो जाएंगे।

पवन तिर्की ने यह भी कहा कि उन्होंने मामले को लेकर नगर निगम की महापौर रोशनी खलखो के माध्यम से अधिकारियों से बातचीत कराने का प्रयास किया, लेकिन उनकी बात पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। उनका आरोप है कि अधिकारियों ने बस्तीवासियों को दो दिनों के भीतर मकान खाली करने की चेतावनी दी।

उन्होंने नगर निगम के कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि जनप्रतिनिधियों की बातों को भी महत्व नहीं दिया जाता, तो आम लोगों की समस्याओं का समाधान कठिन हो जाता है।

जानकारी के अनुसार, चुनुवा टोली के निवासी अब अपनी मांगों और समस्याओं को लेकर 1 अगस्त को उपमहापौर से मुलाकात कर आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगे।

Read more

Local News