रांची। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर यात्रियों की सुविधा, बेहतर सेवा और स्वच्छ वातावरण को बढ़ावा देने के लिए 17 सितंबर से दो विशेष अभियानों की शुरुआत होगी। इनमें ‘यात्री सेवा अभियान’ और ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान’ शामिल हैं। एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, इन अभियानों के जरिए सेवा, सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़ी व्यवस्थाओं को और मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।
‘सर्विस विद स्माइल’ होगी यात्री सेवा अभियान की थीम
17 सितंबर से 10 अक्टूबर तक चलने वाले 24 दिवसीय यात्री सेवा अभियान की थीम ‘सेवा और संकल्प–सर्विस विद स्माइल’ रखी गई है। अभियान की शुरुआत वंदे मातरम्, लोक नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ की जाएगी।
इस दौरान एयरपोर्ट की अलग-अलग यात्री सुविधाओं की नियमित समीक्षा होगी। पार्किंग व्यवस्था, बैगेज बेल्ट, डिजिटल सेवाओं और साफ-सफाई समेत कई बिंदुओं की रोजाना जांच की जाएगी। दिव्यांग यात्रियों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी विशेष ध्यान रहेगा।
विश्व पर्यटन दिवस पर यात्रियों का विशेष स्वागत
27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर एयरपोर्ट पर ‘अतिथि देवो भव:’ की भावना के साथ यात्रियों के स्वागत के लिए विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
10 अक्टूबर को सर्विस ऑडिट के साथ यात्री सेवा अभियान का समापन होगा। इस दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही, अभियान के दौरान किए गए सुधारों को आगे भी जारी रखने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
2 अक्टूबर तक चलेगा स्वच्छता अभियान
वहीं, ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा। इसकी थीम ‘स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ रखी गई है। अभियान में केवल सफाई व्यवस्था पर ध्यान देने के बजाय यात्रियों, आम लोगों और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।
इसके तहत सफाई मित्रों के स्वास्थ्य की जांच, कचरा प्रबंधन को लेकर जागरूकता और ‘कबाड़ से कला’ जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी। लोगों को रिड्यूस-रीयूज-रीसाइकिल (RRR) की अवधारणा के प्रति भी जागरूक किया जाएगा।
‘एक पेड़ मां के नाम’ और श्रमदान जैसी गतिविधियां
पर्यावरण संरक्षण को लेकर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण और खेल-कूद से जुड़ी गतिविधियां भी कराई जाएंगी। 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर विशेष श्रमदान के साथ स्वच्छता अभियान का समापन होगा।
एयरपोर्ट प्रबंधन का उद्देश्य इन दोनों अभियानों के माध्यम से यात्री सुविधाओं, सेवा व्यवस्था और स्वच्छता के स्तर में निरंतर सुधार करना है
रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर 17 सितंबर से यात्री सेवा और स्वच्छता ही सेवा अभियान शुरू होगा। पार्किंग, बैगेज, डिजिटल सुविधाओं और स्वच्छता की समीक्षा के साथ विशेष गतिविधियां आयोजित होंगी।
