रांची। मारवाड़ी कॉलेज के महिला विभाग में आधुनिक तकनीक और रोजगार के नए अवसरों से छात्राओं को परिचित कराने के उद्देश्य से LiDAR तकनीक एवं डेटा एनोटेशन विषय पर एक दिवसीय सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 100 से अधिक छात्राओं ने भाग लिया।
सेमिनार में अनुदीप फाउंडेशन के विशेषज्ञों ने छात्राओं को LiDAR तकनीक के काम करने के तरीके और इसके विभिन्न क्षेत्रों में इस्तेमाल की जानकारी दी। ऑटोनॉमस व्हीकल, रिमोट सेंसिंग, 3D मैपिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में इसके उपयोग तथा करियर की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
GEET प्रोग्राम की दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान Learnet Skills Ltd. की ओर से Infosys Foundation के सहयोग से संचालित GEET (Graduate Employability Enhancement Training) Program के बारे में भी छात्राओं को बताया गया।
इस प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों को रोजगार के लिए जरूरी व्यावहारिक और प्रोफेशनल स्किल्स विकसित करने में मदद करना है। इसमें प्रोफेशनल कम्युनिकेशन, कस्टमर एंगेजमेंट, डोमेन अवेयरनेस और डिजिटल फ्लुएंसी जैसे विषय शामिल हैं।
70 छात्राओं ने दिया Career Readiness Test
GEET प्रशिक्षण के लिए आयोजित Career Readiness Test में कॉलेज की 70 छात्राओं ने हिस्सा लिया। इनमें से 64 छात्राएं सफल हुईं। चयनित छात्राओं के लिए प्रशिक्षण का नया बैच सोमवार से शुरू होने की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण पूरा करने वाली छात्राओं को प्रमाणपत्र दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें रोजगार के अवसरों के लिए प्लेसमेंट और प्लेसमेंट सपोर्ट उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी बताई गई है।
तकनीकी ज्ञान के साथ रोजगार कौशल पर फोकस
सेमिनार और प्रशिक्षण कार्यक्रम के जरिए छात्राओं को तकनीकी क्षेत्र में हो रहे बदलावों के साथ-साथ रोजगार के लिए आवश्यक कौशल से जोड़ने का प्रयास किया गया। LiDAR और डेटा से जुड़े उभरते क्षेत्रों की जानकारी के साथ GEET कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को करियर के लिए जरूरी संचार और डिजिटल दक्षताओं पर प्रशिक्षण देने की योजना है।
