बोकारो: महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के वित्तीय वर्ष 2025-26 के प्रदर्शन में बोकारो जिले ने राज्य स्तर पर दूसरा स्थान हासिल किया है। वित्तीय प्रबंधन और योजना से जुड़े विभिन्न निर्धारित मानकों पर बेहतर प्रदर्शन के लिए जिले को यह उपलब्धि मिली है।
इस सफलता के लिए झारखंड सरकार के ग्रामीण विकास विभाग की ओर से बोकारो जिले के वरीय लेखा पदाधिकारी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिले की इस उपलब्धि पर उपायुक्त अजय नाथ झा ने उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार और वरीय लेखा पदाधिकारी पंकज कुमार दुबे को बधाई दी।
उपायुक्त ने कहा कि मनरेगा के क्षेत्र में जिले का यह प्रदर्शन बोकारो के लिए गौरव की बात है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से इसी तरह जिम्मेदारी और समर्पण के साथ काम जारी रखने की अपील की, ताकि आने वाले समय में भी जिला बेहतर परिणाम हासिल कर सके।
लगातार दूसरी बार मिली उपलब्धि
बोकारो जिले ने मनरेगा के क्षेत्र में लगातार दूसरी बार राज्य स्तर पर सम्मान हासिल किया है। लगातार बेहतर प्रदर्शन से जिले की योजना के क्रियान्वयन और वित्तीय प्रबंधन में प्रभावी कार्यप्रणाली का संकेत मिलता है।
अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी मनरेगा के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और विकास से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने का काम जारी रहेगा।
