रामगढ़: 12वें राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर झारक्राफ्ट के क्षेत्रीय कार्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन वरीय कलेक्टर प्रबंधक राजीव साहू के नेतृत्व में हुआ। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे बुनकर समितियों और समूहों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में जेएसएलपीएस रामगढ़ सदर की प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक रेखा कुमारी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। वहीं मुख्यमंत्री लघु उद्योग विकास बोर्ड के जिला को-ऑर्डिनेटर अंजन बारा विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल हुए। इसके अलावा अलग-अलग प्रखंडों की बुनकर समितियों और स्वयं सहायता समूहों के अध्यक्ष, सचिव व सदस्य भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले बुनकर समूहों का सम्मान
समारोह के दौरान पिछले वर्ष निर्धारित समय पर बंडी और शॉल तैयार करने वाली समितियों एवं समूहों को सम्मानित किया गया। बेहतर कार्य के लिए उन्हें मोमेंटो प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय हथकरघा दिवस का उद्देश्य देश के बुनकरों के योगदान को सम्मान देना और पारंपरिक हस्तकरघा उद्योग को बढ़ावा देना है। स्थानीय स्तर पर तैयार होने वाले उत्पादों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।
झारक्राफ्ट की योजनाओं की दी गई जानकारी
वरीय कलेक्टर प्रबंधक राजीव साहू ने झारक्राफ्ट के माध्यम से संचालित विभिन्न योजनाओं और गतिविधियों की जानकारी उपस्थित लोगों के साथ साझा की। कार्यक्रम के दौरान बुनकर समितियों और समूहों ने अपने हाथों से तैयार किए गए वस्त्रों और अन्य उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई।
प्रदर्शनी में सिकनी PWCS, बरकट्टी PWCS, रहीम टेक्सटाइल बुनकर समिति और श्रुति बुनकर SHG समेत कई समूहों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में अत्ताउल्लाह अंसारी, मोहम्मद इस्लाम, मोहम्मद फिरोज, मोहम्मद जाकिर, मोहम्मद रहीम अंसारी, मोहम्मद साबुद्दीन अंसारी, रंजीत प्रसाद और महानंदा नायक सहित अन्य लोगों का योगदान रहा।
