बोकारो: फिट इंडिया अभियान के तहत केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 26वीं बटालियन की ओर से रविवार को बोकारो में ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य लोगों को नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।
साइकिल रैली में 26वीं बटालियन के कमांडेंट राजीव रंजन समेत कई अधिकारी और जवान शामिल हुए। अधिकारियों की भागीदारी से जवानों का उत्साह भी बढ़ा। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने साइकिल चलाकर शारीरिक फिटनेस और सक्रिय जीवनशैली का संदेश दिया।
स्वस्थ जीवनशैली के साथ अनुशासन पर जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कमांडेंट राजीव रंजन ने कहा कि शारीरिक रूप से फिट रहना सुरक्षाबलों के जवानों के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ अनुशासन और टीम भावना को भी मजबूत करते हैं।
रैली के दौरान CRPF जवानों ने फिटनेस को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम को स्थानीय लोगों की भी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली।
