रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक 18 अगस्त को रांची स्थित पुराने विधानसभा सभागार में होगी। बैठक शाम 4 बजे शुरू होगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देश पर बुलाई गई इस बैठक में राज्य के कई प्रमुख राजनीतिक, सामाजिक और संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू और सह-प्रभारी बेला के अलावा राजनीतिक मामलों की समिति के सदस्य, प्रदेश उपाध्यक्ष, जिला प्रभारी तथा विभिन्न जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष शामिल होंगे। प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने इसकी जानकारी दी।
JPSC-JSSC और छात्र आंदोलनों पर होगी चर्चा
बैठक में JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में सुधार के साथ छात्र आंदोलनों को लेकर पार्टी की भूमिका पर मंथन होगा। कांग्रेस भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और परीक्षाओं व नियुक्तियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की जरूरत पर अपना रुख तय करेगी। युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर आगे की रणनीति पर भी विचार किया जाएगा।
खनिज विधेयक पर भी मंथन
खनिज एवं खनन विकास से संबंधित संशोधन विधेयक 2026 बैठक के प्रमुख एजेंडों में शामिल है। पार्टी राज्य के खनिज संसाधनों और झारखंड के अधिकारों पर इसके संभावित प्रभाव को लेकर अपनी रणनीति पर चर्चा करेगी।
इसके साथ ही भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास और पुनर्स्थापन कानून, 2013 के तहत विस्थापितों तथा भूमि प्रभावित परिवारों के अधिकारों का मुद्दा भी बैठक में उठेगा। कांग्रेस का कहना है कि विकास परियोजनाओं के दौरान प्रभावित लोगों के हितों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए।
SIR और सामाजिक न्याय के मुद्दे भी एजेंडे में
SIR-2026 के दौरान नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाताओं को सहायता उपलब्ध कराने को लेकर भी पार्टी विचार करेगी। इसके अलावा जातीय जनगणना और सामाजिक न्याय से संबंधित विषयों पर कांग्रेस की आगे की भूमिका तय की जाएगी।
संगठन को मजबूत करने पर भी फैसला संभव
बैठक में पार्टी संगठन से जुड़े मामलों पर भी चर्चा होगी। PAC सदस्यों के बीच कुछ कार्यकारी समितियां बनाने और जिलों में अनुशासन समितियों के गठन के प्रस्ताव पर विचार किया जा सकता है। इसके जरिए संगठन के भीतर बेहतर समन्वय और निर्णय प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने की कोशिश होगी।
प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा के अनुसार, यह बैठक पार्टी की आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक दिशा के लिहाज से महत्वपूर्ण होगी। बैठक में सामने आए सुझावों के आधार पर आगे की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
