पटना: श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 360वें प्रकाश पर्व को भव्य और ऐतिहासिक बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में आयोजन की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस बार का आयोजन 350वें प्रकाश पर्व की तरह ही भव्य स्तर पर किया जाए।
प्रकाश पर्व का आयोजन 9 से 16 जनवरी 2027 तक होगा। इसके लिए ‘बिहार है तैयार, जी आयां नू’ थीम स्लोगन तय किया गया है। इसके तहत देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत, ठहरने, भोजन और परिवहन की बेहतर व्यवस्था की जाएगी।
20 हजार श्रद्धालुओं के लिए बनेगी टेंट सिटी
मुख्यमंत्री ने बताया कि श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए करीब 20 हजार लोगों की क्षमता वाली टेंट सिटी बनाई जाएगी। वहीं, गंगा नदी के किनारे लगभग 10 हजार श्रद्धालुओं की क्षमता वाला दीवान हॉल तैयार किया जाएगा।
आयोजन स्थल पर लंगर और अन्य जरूरी सुविधाओं की भी व्यवस्था रहेगी। श्रद्धालुओं को जानकारी और सहायता उपलब्ध कराने के लिए एक विशेष मोबाइल ऐप भी विकसित किया गया है।
कंगन घाट पर होगा 1000 ड्रोन का शो
प्रकाश पर्व के दौरान आकर्षक सांस्कृतिक और तकनीकी कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। 15 जनवरी 2027 को कंगन घाट पर एक हजार ड्रोन के माध्यम से भव्य ड्रोन शो होगा। वहीं, 16 जनवरी को गुरुद्वारा परिसर के आसपास आतिशबाजी की योजना है।
इसके अलावा सिख इतिहास पर आधारित फोटो गैलरी और विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसके जरिए श्रद्धालुओं को गुरु गोविंद सिंह जी के जीवन, विचारों और विरासत से परिचित कराया जाएगा।
श्रद्धालुओं के लिए मुफ्त यात्रा सुविधा की तैयारी
तैयारियों की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि देश और विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को रेलवे, हवाई और बस सेवाओं के माध्यम से निःशुल्क यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार और अन्य राज्य सरकारों से समन्वय किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां तय समयसीमा में पूरी करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सम्मान का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि आयोजन में आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
बैठक में मुख्य सचिव सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
