Monday, November 23, 2026

सोनपुर मेले का भव्य आगाज, सीएम सम्राट चौधरी ने किया उद्घाटन; 32 दिनों तक होंगे खास आयोजन

Share

सोनपुर: विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले का रविवार, 22 नवंबर की शाम मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर विधिवत उद्घाटन किया। इसके साथ ही ऐतिहासिक मेले के 32 दिवसीय आयोजन की शुरुआत हो गई। इस वर्ष मेला 22 नवंबर से 23 दिसंबर तक चलेगा। करीब 21 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद किसी मुख्यमंत्री के हाथों मेले का उद्घाटन होने से सोनपुर और पूरे सारण प्रमंडल में उत्साह का माहौल रहा।

हरिहरनाथ कॉरिडोर और पर्यटन विकास पर सरकार का जोर

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सोनपुर मेले के विकास को लेकर सरकार गंभीर है। हरिहरनाथ कॉरिडोर का निर्माण, पर्यटन सुविधाओं का विस्तार और आधारभूत संरचनाओं का विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से सोनपुर की धार्मिक, ऐतिहासिक और पर्यटन संबंधी पहचान को नई मजबूती मिलेगी।

सारण में विकास कार्यों का भी हुआ उल्लेख

समारोह में सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि अपनी 37 वर्षों की राजनीतिक यात्रा में उनके लिए यह सुखद अनुभव है कि उनकी पार्टी के मुख्यमंत्री सोनपुर मेले का उद्घाटन कर रहे हैं। उन्होंने बिहार में हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में सड़कों का विस्तार हुआ है और गंडक नदी पर चार पुलों का निर्माण किया जा रहा है।

उन्होंने सारण में हवाई अड्डे को मंजूरी दिलाने में मुख्यमंत्री की भूमिका का भी उल्लेख किया।

वहीं, सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने मुख्यमंत्री को मेले के उद्घाटन की बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि आने वाले समय में सोनपुर मेला और भव्य स्वरूप लेगा।

समारोह में कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

पर्यटन विभाग और सारण जिला प्रशासन की ओर से आयोजित उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने की। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार, विधायक जनक सिंह, पूर्व मंत्री कृष्ण कुमार मंटू और कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इस अवसर पर एमएलसी डॉ. वीरेन्द्र नारायण यादव, सच्चिदानंद राय, संजय मयूख और डॉ. राहुल राज भी उपस्थित थे।

प्रशासनिक अधिकारियों में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, एडीजी कुंदन कृष्ण, सारण आयुक्त, जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और एसएसपी रोशन कुमार समेत कई वरीय अधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् के गायन से हुई।

स्विस कॉटेज, गंगा आरती और कुश्ती प्रतियोगिता होंगे आकर्षण

इस साल सोनपुर मेले में धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति, कला, मनोरंजन और व्यापार का संगम देखने को मिलेगा। पर्यटकों के ठहरने के लिए स्विस कॉटेज तैयार किए गए हैं। इसके अलावा क्राफ्ट बाजार, सांस्कृतिक संध्या, गंगा आरती, कुश्ती प्रतियोगिता और नौका दौड़ जैसे आयोजन आकर्षण का केंद्र होंगे।

श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा और यातायात की विशेष व्यवस्था की गई है। मेले में सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जाएगी। सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात रहेगा।

विधायक विनय कुमार सिंह की तबीयत बिगड़ने से समर्थक मायूस

समारोह के दौरान सोनपुर विधायक विनय कुमार सिंह के अस्वस्थ होने की खबर से उनके समर्थकों और शुभचिंतकों में मायूसी देखी गई। विधायक की तबीयत बिगड़ने की खबर का असर समारोह के माहौल पर भी पड़ा।

Read more

Local News