पटना: बच्चों में अस्थमा की गंभीरता और बीमारी के नियंत्रण में होने वाले बदलावों को समझने में दो बायोमार्कर मददगार साबित हो सकते हैं। पटना स्थित इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) के डॉक्टरों की एक स्टडी में अस्थमा से पीड़ित बच्चों में 3-ब्रोमोटायरोसीन और एलटीडी-4 का स्तर स्वस्थ बच्चों की तुलना में अधिक पाया गया है।
अध्ययन के मुताबिक, अस्थमा से पीड़ित बच्चों में 3-ब्रोमोटायरोसीन का स्तर स्वस्थ बच्चों के मुकाबले करीब 55 प्रतिशत अधिक था, जबकि एलटीडी-4 का स्तर लगभग 3.6 गुना ज्यादा मिला। शोधकर्ताओं के अनुसार, लक्षण गंभीर होने पर इन दोनों बायोमार्कर का स्तर बढ़ता है और लक्षण नियंत्रित होने पर इसमें कमी आती है।
लक्षण गंभीर होने पर बढ़ जाता है दोनों बायोमार्कर का स्तर
अध्ययन में पाया गया कि अस्थमा के लक्षण बढ़ने के साथ दोनों बायोमार्कर का स्तर भी बढ़ता है। वहीं, जब बच्चों के लक्षण नियंत्रित हुए, तो इनके स्तर में गिरावट दर्ज की गई।
डॉक्टरों का मानना है कि इन बायोमार्कर की जांच से बीमारी की गंभीरता समझने और इलाज के दौरान उसमें होने वाले बदलावों पर नजर रखने में मदद मिल सकती है। हालांकि, ये जांचें फिलहाल बीमारी के भविष्य में बिगड़ने की सटीक भविष्यवाणी नहीं कर सकतीं। इन्हें अस्थमा की मौजूदा जांचों का विकल्प भी नहीं माना जा सकता।
208 बच्चों के नमूनों की हुई जांच
इस केस स्टडी में 3 से 15 वर्ष की उम्र के कुल 208 बच्चों को शामिल किया गया था। इनमें 138 बच्चे अस्थमा से पीड़ित थे, जबकि 70 बच्चे स्वस्थ थे।
डॉक्टरों के मुताबिक, बच्चों के यूरिन नमूनों की विशेष प्रयोगशाला तकनीक से जांच की गई। इसके आधार पर दोनों बायोमार्कर का स्तर मापा गया।
अध्ययन में 3-ब्रोमोटायरोसीन का औसत स्तर अस्थमा पीड़ित बच्चों में 22.56 नैनोग्राम प्रति मिलीग्राम क्रिएटिनिन मिला, जबकि स्वस्थ बच्चों में यह 14.53 था। नियंत्रित अस्थमा वाले बच्चों में इसका स्तर 17.16 और गंभीर लक्षणों वाले बच्चों में 32.14 दर्ज किया गया।
वहीं, एलटीडी-4 का औसत स्तर अस्थमा पीड़ित बच्चों में 308.40 पिकोग्राम प्रति मिलीग्राम क्रिएटिनिन पाया गया। स्वस्थ बच्चों में यह स्तर 84.54 था।
शुरुआती नतीजे उत्साहजनक, बड़े अध्ययन की जरूरत
अध्ययन में शामिल बच्चों के लक्षण नियंत्रित होने के बाद दोनों बायोमार्कर का स्तर कम हुआ। इससे संकेत मिलता है कि इनका स्तर बीमारी की सक्रियता के साथ बदल सकता है।
हालांकि, डॉक्टरों ने इसे शुरुआती अध्ययन माना है। इन जांचों को नियमित चिकित्सकीय इस्तेमाल में लाने और उनकी उपयोगिता की पुष्टि करने के लिए बड़े स्तर पर और शोध की जरूरत बताई गई है।
इस स्टडी को प्रकाशन के लिए यूरोपियन जर्नल ऑफ पीडियाट्रिक्स में भेजा गया है। यदि आगे के शोध में भी ऐसे ही नतीजे मिलते हैं, तो बच्चों में अस्थमा की निगरानी और इलाज के असर को समझने के लिए ये बायोमार्कर उपयोगी साबित हो सकते हैं।
