Thursday, September 10, 2026

बिहार में 55 आरओबी परियोजनाओं की समीक्षा, 8 का काम पूरा; मंत्री ने तेजी और गुणवत्ता पर दिया जोर.

Share

पटना: बिहार में रेल ओवरब्रिज (ROB) और उनसे जुड़े पहुंच पथों के निर्माण को गति देने की कवायद तेज हो गई है। पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र ने बुधवार को राज्य में चल रही आरओबी परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि बिहार स्टेट ब्रिज कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन के माध्यम से संचालित 55 आरओबी परियोजनाओं में से 8 का निर्माण पूरा हो चुका है।

मंत्री ने अधिकारियों को बाकी परियोजनाओं में भी तेजी लाने और तय समयसीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।

कई जिलों की परियोजनाओं पर हुई चर्चा

समीक्षा के दौरान पटना के अलावा सीतामढ़ी, सारण, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, बेगूसराय, दरभंगा, समस्तीपुर, औरंगाबाद और गया समेत विभिन्न जिलों में चल रहे आरओबी और पहुंच पथ के कार्यों की स्थिति पर चर्चा हुई।

अधिकारियों से लंबित योजनाओं की मौजूदा स्थिति और निर्माण में आ रही समस्याओं की जानकारी ली गई। मंत्री ने परियोजनाओं को अनावश्यक रूप से लंबित रखने के बजाय संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर बाधाएं दूर करने को कहा।

एलाइनमेंट, डिजाइन और जमीन से जुड़े मामलों की समीक्षा

बैठक में आरओबी निर्माण के लिए तय एलाइनमेंट, रेलवे के साथ समन्वय, डिजाइन की स्वीकृति और यूटिलिटी शिफ्टिंग जैसे मुद्दों पर भी जानकारी ली गई। इसके अलावा भूमि अधिग्रहण या जमीन से जुड़े मामलों, एप्रोच रोड और कनेक्टिविटी से संबंधित अड़चनों की भी समीक्षा हुई।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन मामलों में विभागीय या अंतर-विभागीय समन्वय की जरूरत है, उन्हें आपसी तालमेल से जल्द सुलझाया जाए।

एनएचएआई की 18 परियोजनाओं की भी हुई समीक्षा

बैठक में एनएचएआई की 18 निर्माणाधीन आरओबी और आरयूबी परियोजनाओं को भी समीक्षा के दायरे में रखा गया। इन योजनाओं की प्रगति, संबंधित विभागों के साथ समन्वय और निर्माण में सामने आ रही चुनौतियों पर अधिकारियों से रिपोर्ट ली गई।

मंत्री ने एनएचएआई समेत सभी संबंधित एजेंसियों को आपस में बेहतर तालमेल बनाकर काम की रफ्तार बढ़ाने का निर्देश दिया।

पहुंच पथ समय पर तैयार करने पर जोर

कुमार शैलेन्द्र ने कहा कि आरओबी का निर्माण पूरा होने के साथ उसके दोनों ओर बनने वाले पहुंच पथ और जरूरी कनेक्टिविटी भी समय पर तैयार होना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा कि किसी एक हिस्से का काम पूरा होने के बाद दूसरे हिस्से के लंबित रहने से परियोजना का पूरा लाभ लोगों को मिलने में देरी न हो।

निर्माण में गुणवत्ता से समझौता नहीं

मंत्री ने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि परियोजनाओं को जल्द पूरा करने के साथ निर्माण गुणवत्ता और निर्धारित तकनीकी मानकों का भी पूरा पालन किया जाए। उन्होंने लंबित मामलों का त्वरित निपटारा करते हुए योजनाओं को निर्धारित अवधि में पूरा करने पर जोर दिया।

बैठक में बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड और एनएचएआई के वरिष्ठ अधिकारी एवं अभियंता मौजूद रहे।

Read more

Local News